जमुई, जागरण प्रतिनिधि : बुधवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में संविदा आधारित प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक पद हेतु आवेदकों का साक्षात्कार लिया गया। जिसमें कुल 21 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अत्यंत पिछड़ा वर्ग के एक पद के लिए साक्षात्कार के दौरान पांच अभ्यर्थी उपस्थित हुए। जबकि पिछड़ा वर्ग के एक पद के लिए 16 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया। अनुसूचित जाति के पद के लिए एक भी अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुए। नियोजन पैनल के सदस्यों द्वारा सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की गई। साथ ही उनके अनुभव के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर नियोजन समिति पैनल के अध्यक्ष मयंक वरबड़े, सीएस डॉ. चन्द्रश्वर चौधरी, डीआरडीए डायरेक्टर मनोज कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार, डीपीएम अजय कुमार सिंह, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार मिश्रा तथा जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी मुकेश कुमार उपस्थित थे। मालूम हो कि जिले भर में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक के नौ पद स्वीकृत हैं जिसमें से तीन पद वर्तमान में रिक्त हैं। साक्षात्कार के बाद दो दिनों के अंदर अभ्यर्थियों के नियोजन की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
No comments:
Post a Comment