Wednesday, 15 February 2012

कोर्स नहीं हुआ पूरा, परीक्षार्थियों का टेंशन

सिकन्दरा, निज प्रतिनिधि : 22 फरवरी से शुरु हो रही बिहार बोर्ड की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में उहापोह की स्थिति बनी हुई है। जहां एक ओर बोर्ड परीक्षा का भूत परीक्षार्थियों के सिर पर है वहीं दूसरी ओर परीक्षार्थियों का मेंटल टेंशन भी काफी बढ़ गया है। कठिन मेहनत के बाद भी इन दिनों परीक्षार्थियों को परीक्षा की चिंता सताए हुए है।
परीक्षा के संबंध में क्या कहते हैं परीक्षार्थी
परीक्षा से उत्पन्न परेशानी को लेकर सिकन्दरा श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय के छात्र रविकांत कुमार कहते हैं कि तैयारी अच्छी नहीं होने के कारण परेशानी बनी हुई है। वहीं छात्र विपिन कुमार परीक्षा के नाम पर सहमते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन के द्वारा विद्यालय में एक भी विषय का कोर्स पूरा नहीं किया जा सका है। जिससे परीक्षा की तैयारी ठीक ढंग से नहीं हो पाई है। परियोजना बालिका उच्च विद्यालय की छात्रा शिखा कुमारी बताती है कि मुझे परीक्षा में सबसे अधिक डर सामाजिक विज्ञान को लेकर है। क्योंकि इसकी तैयारी नहीं हो पाई है। छात्रा अंशु कुमारी, नेहा, सुजाता आदि का कहना है कि परीक्षा को लेकर हमलोगों की तैयारी अच्छी है जहां परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने की दावा करती है। वहीं छात्रा कहती है कि अगर निजी कोचिंग का सहारा नहीं लेते तो हमलोगों को परीक्षा में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता।
क्या कहती है प्रधानाध्यापिका
बालिका परियोजना उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रतिभा सिन्हा का कहना है कि उच्च विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षकों का अभाव है जिस कारण छात्राओं को पठन-पाठन में काफी परेशानी होती है। श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक नरसिंह झा का कहना है कि सभी विषयवार शिक्षक नहीं रहने से समय पर कोर्स पूरा नहीं हो पाया है।

No comments:

Post a Comment