Monday, 28 May 2012

भाजपा खैरा मंडल की बैठक आयोजित

रविवार को गोपालपुर मध्य विद्यालय में भारतीय जनता पार्टी के खैरा मंडल कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में पार्टी के सदस्यता अभियान से संबंधित बातों की चर्चा की गई और अधिक से अधिक सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने तथा महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ पंचायत स्तर पर धरना व प्रदर्शन करने का कार्यक्रम बनाने का निर्णय लिया गया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और बीस सूत्री के उपाध्यक्ष प्रकाश भगत ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 31 मई को भारत बंद में भाजपा कार्यकर्ताओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर सफल बनाना है। बैठक की अध्यक्षता खैरा मंडल के अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने की। बैठक में राज्य पदाधिकारियों के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह, खैरा मंडल भाजपा प्रभारी कृष्णा प्रसाद साह, भाजपा कार्यकर्ता शिवदानी सिंह, देवनारायण सिंह, संतोष सिंह, देवेन्द्र सिंह, नित्यानंद सिंह, मनोज मोदी, रामदेव वाजपेयी, रामचन्द्र वर्मा, श्रीनिवास सिंह, अवधेश सिंह और कुंदन कुमार आदि उपस्थित थे।

मस्तिष्क ज्वर के दायरे में है चकाई


 जिले के सबसे अधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्र चकाई में मस्तिष्क ज्वर का दायरा इस बार बढ़ सकता है। बीते वर्ष प्रखंड अंतर्गत गजही, बरमोरिया, ठाढ़ी, बामदह तथा चौफला पंचायत में इंसेफेलाइटिस (मस्तिष्क ज्वर) बीमारी से छह लोगों की मौत हुई थी जिससे स्वास्थ्य विभाग अचानक सकते में आ गया था। हालांकि इन मामलों के बाद विभाग व असेफा द्वारा उक्त बीमारी से बचाव के लिए कई तरह के प्रयास किए गए थे। इस बार भी बरसात के पूर्व मस्तिष्क ज्वर की बीमारी से निपटने के लिए विभाग ने कमर कस ली है।
क्या है मस्तिष्क ज्वर के लक्षण
इंसेफेलाइटिस की शुरुआत आम बुखार की तरह होती है जिसमें लगातार तेज बुखार, सिर दर्द, ठंड देकर बुखार आना शामिल है। यूं कहें कि मलेरिया के रोग के लक्षणों की तरह मस्तिष्क ज्वर के लक्षण होते हैं ।
धान के खेतों से फैलता है मस्तिष्क ज्वर
मूलत: बरसात के दिनों में धान के खेतों में इंसेफेलाइटिस के मच्छर पाए जाते हैं जिससे यह बीमारी फैलती है। ठहरे हुए पानी में यह मच्छर बड़ी संख्या में उत्पन्न होता है और अपने आसपास के इलाके में इंसेफेलाइटिस रोग फैलाते हैं। यूं तो बीते वर्ष चकाई में छह मामले सामने आए थे। जिसमें सभी बीमार व्यक्तियों की मौत हो गई थी।
जिले में नहीं है जांच की व्यवस्था
इंसेफेलाइटिस रोग की पहचान के लिए जिले में जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोगियों के रक्त जांच के नमूने बाहर भेजे जाते हैं। जिसमें कई दिनों का वक्त लगता है। सीएस भी इस बात को स्वीकारते हैं कि मस्तिष्क ज्वर के मरीजों का बेहतर इलाज पटना में कराया जा सकता है। इसलिए इस तरह का मामला आने पर पटना रेफर कर दिया जाता है।
असेफा ने की थी पहल
मस्तिष्क ज्वर के कई मामले सामने आने के बाद चकाई असेफा और अन्य कई स्वयं सेवी संस्थानों ने जागरुकता अभियान चलाया था। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में केमिकलयुक्त मच्छरदानी का वितरण भी किया था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा डीडीटी के छिड़काव भी कराए गए थे। ताकि यह बीमारी और ज्यादा न फैले।
स्वास्थ्य विभाग ने कस ली है कमर
मस्तिष्क ज्वर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस बार पूरी तैयारी की गई है। जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चन्देश्वर चौधरी ने बताया कि बरसात के पूर्व जून माह में चकाई के चिन्हित पंचायतों में डीडीटी का छिड़काव कराया जाएगा ताकि इस बार इंसेफेलाइटिस के मच्छर पनप न सकें। उन्होंने बताया कि इसके अलावे जिले के विभिन्न प्रखंडों में डीडीटी के छिड़काव के साथ-साथ जागरुकता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने सभी जिलेवासियों को इस तरह की बीमारी से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करने की बात कही है।

संसद में गूंजा बरनार जलाशय का मुद्दा


दुर्गावती जलाशय योजना की समकालीन बरनार जलाशय योजना पिछले चार दशकों से दुर्गति के दलदल में फंसी है। विशेषकर सांसदों के नकारापन की वजह से उक्त महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय फलक पर दस्तक देने में सफल नहीं हो सकी थी। देर से ही सही क्षेत्रीय सांसद भूदेव चौधरी ने 18 मई 2012 को संसद में बरनार जलाशय योजना व उसकी उपयोगिता पर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया।
संसद में सांसद ने कहा : सांसद भूदेव चौधरी ने सदन में इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जमुई लोकसभा क्षेत्र बहुत पिछड़ा और सूखाग्रस्त क्षेत्र है। यह माओवाद व नक्सलवाद का केन्द्र भी है। आज से 35 साल पहले बरनार नदी पर डैम बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई। कार्य भी शुरू हुआ। 10 से 15 करोड़ रुपए का व्यय हुआ। यहां पंद्रह हजार एकड़ भूमि को सिंचित होना था। सांसद ने 1990 से बंद बरनार डैम के तकनीकी कारणों को उल्लेख करते हुए सरकार से मांग की कि जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक सर्वे टीम बनाएं व इसका सर्वे कराएं। दो माह पूर्व केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश के सोनो आगमन पर किसानों ने भी उनसे बरनार डैम निर्माण की मांग की थी। सांसद ने यह जानकारी भी सदन को दी। यहां के आंदोलनरत किसानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बरनार मुद्दे पर पिछले दो दर्शकों से किसानों का आंदोलन जारी है। अत: सर्वे कराकर बरनार बांध बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
विधानसभा में भी बरनार पर हुई चर्चा
स्थानीय विधायक सुमित कुमार सिंह ने विधानसभा में बरनार जलाशय योजना का मुद्दा तीन दफे उठाया। उन्होंने सदन में यहां तक कह दिया कि यदि बरनार बांध का काम फिर से शुरु नहीं कराया जाता है तो वे विधानसभा के समक्ष अनशन पर बैठेंगे। इस बाबत संबंधित मंत्री ने आश्वस्त किया कि केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से अनापत्ति पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है निकट भविष्य में उन्होंने पाजेटिव रिजल्ट आ जाने की बात कही। विधायक ने केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश से इस मुद्दे पर गहन बातचीत भी की।
दो दशकों से जारी है किसानों का आन्दोलन
1991 से लगातार बरनार का मुद्दा सुर्खियों में रहा है। किसान नेता हलधर कपिलदेव इस क्षेत्र के एकमात्र ऐसे शख्स हैं जिन्होंने बरनार में सात दिवसीय अखंड कीर्तन करवाया। हल के साथ किसानों का दल इन्हीं की अगुआई में राज्यपाल से मिला। अपने माथे पर धान के सूखे बिचड़ों की पगड़ी के साथ उन्होंने तत्कालीन विदेश राच्य मंत्री दिग्विजय सिंह को एक ज्ञापन सौंपा आदि । हालांकि इस क्षेत्र के प्रबुद्धजनों व सक्रिय किसानों का सतत सहयोग उन्हें मिलता रहा है। बरनार बांध संघर्ष समिति के सहसंयोजक मदन यादव तो अपनी साइकिल पर बरनार बांध पूरा करो का बोर्ड लगाकर चलते हैं।

पुण्यतिथि मनाई गई

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर नाल नेहरू की पुण्यतिथि स्थानीय प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष सुरेश्वर प्रसाद की अध्यक्षता में मनाई गई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के चित्रों पर फूल माला अर्पित कर उनके सिद्धांतों पर चलने की कसम खाई। इस अवसर पर व्यवसायी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सीताराम, जिलाध्यक्ष श्रीनाथ सिंह, हसन फरुल्ला आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

72 घंटे के बाद भी नहीं हो पाई अपहृत की बरामदगी

72 घंटे के बाद झाझा पुलिस ने अपहृत प्रकाश ठाकुर के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। झाझा थाना अंतर्गत चितोचक निवासी लालो राज की गिरफ्तारी होते ही अपराधियों द्वारा पीड़ित परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया गया है। रविवार की सुबह लगभग 9:30 बजे अपराधियों ने पीड़ित परिवार के मोबाइल पर धमकी देते हुए कहा कि आज तीन दिन पूरा होने को है। आपलोग अगर जल्द दस लाख रुपए नहीं दिए तो अपहृत प्रकाश ठाकुर की हत्या कर दी जाएगी। जानकारी के अनुसार आरक्षी अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा के दिशा-निर्देश पर झाझा पुलिस कई गांवों में छापेमारी की लेकिन समाचार लिखे जाने तक अपहृत का कोई पता नहीं चल पाया था। इस संदर्भ में प्रभारी थानाध्यक्ष राजेन्द्र पासवान ने कहा कि प्रकाश ठाकुर को अपहरण करने वाले गिरोह का पता चल गया है। उन्होंने चितोचक निवासी लालो राम की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि अपहरण कांड में लगे अपराधियों को चिन्हित कर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही प्रकाश को पुलिस सकुशल पुलिस बरामद कर लेगी। सूत्रों ने बताया कि इस अपहरण कांड में ततबाडीह गांव के एक अपराधी का हाथ है। इसके अलावे लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के कुछ अपराधी इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस एवं पीड़ित परिवार के सूत्रों के अनुसार प्रकाश की रिहाई रविवार की देर रात्रि हो जाएगी। वहीं गिरफ्तार व्यक्ति से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। मालूम हो कि विगत 24 मई की रात्रि झाझा बाजार के एक सैलून व्यवसायी प्रकाश ठाकुर का अपहरण अपराधियों द्वारा कर लिया गया था। उसी रात्रि को अपराधियों ने तीन दिन का समय देते हुए दस लाख रुपए की फिरौती की मांग की थी। नहीं दिए जाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। गरीब प्रकाश ठाकुर के परिजन काफी चिंतित हैं। नित्यदिन प्रकाश के रिहाई के लिए भगवान से प्रार्थना करने में लगे हुए हैं। वहीं पुलिस द्वारा झाझा थाना अंतर्गत चितोचक, ततबाडीह, नौवाडीह आदि कई गांवों में छापेमारी करने में लगी हुई है लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रकाश की बरामदगी नहीं हो पाई है।

पेट्रोल मूल्य बढ़ोतरी की निंदा

पेट्रोल मूल्य बढ़ोतरी की निंदा करने का सिलसिला जारी है। भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सुरेश चन्द्र गिरी, भाजपा नेता सह प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष संतु यादव, प्रो. प्रदीप कुमार, भाजपा महामंत्री शिवनारायण यादव ने कहा है कि जब-जब कांग्रेस सत्ता में आई है कमरतोड़ महंगाई लाई है। आज सीमेंट, छड़, दवा, डीजल, पेट्रोल की कीमत में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। वहीं जदयू नेता राजीव रंजन पांडेय, महेन्द्र सिंह, अरुण झा, लोजपा अध्यक्ष भुवनेश्वर पासवान, राजद नेता हनुक बेसरा, प्रसादी पासवान ने कहा कि केन्द्र की संप्रग सरकार अपना संतुलन एवं जनाधार खो चुकी है। इसका नामलेवा कोई नहीं बचेगा। तृणमूल कांग्रेस नेता सूर्यप्रकाश सिन्हा, प्रेम चौधरी ने कहा कि यदि सरकार मूल्य वृद्धि वापस नहीं लेती है तो यह सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी ।

गर्मी ने दिखाया बाजार पर असर

 गर्मी ने अपना रंग क्या दिखाया बाजारों पर व्यापक असर पड़ गया। उन व्यवसायियों की बल्ले-बल्ले हो गई जो एसी, कूलर, फ्रिज या फिर शीतल पेय के व्यवसाय में लगे हैं। एक अनुमान के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष इन आधुनिक उपकरणों की बिक्री दोगुनी हो गई। बीते दो महीने में दो करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ। शहर में बिजली आपूर्ति अगर सही होती तो इसका आंकड़ा और भी आगे निकल जाता। इन उपकरणों का व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों की मानें तो सबसे अधिक कूलर की बिक्री हुई। सेमफोनी कंपनी के कूलर की मांग इतनी अधिक है कि कंपनी सप्लाई नहीं दे पा रहा है। महाराजगंज स्थित विजय एंड कंपनी के मालिक विजय कुमार सर्राफ बताते हैं कि ज्यादा गर्मी पड़ने की वजह से इस वर्ष इंवर्टर, कूलर, फ्रीज एवं एयरकंडिशन की बिक्री दोगुनी हो गई। दाम में कोई खास अंतर नहीं आया है। एक्साइज डयूटी बढ़ने के कारण इन उपकरणों के दामों में पांच प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक 100 से अधिक कूलर, 30 एसी एवं 60 से अधिक फ्रीज की बिक्री कर चुके हैं। बिग शाप के प्रोपराइटर मो. ताज बताते हैं कि बिजली आपूर्ति ठीक नहीं रहने के कारण एसी की बिक्री तो कम है परंतु कूलर, फ्रीज एवं पंखा की रिकार्ड बिक्री हुई है। कुंती ट्रेडर्स के प्रोपराइटर संजय कुमार ने बताया कि कूलर का सप्लाई कंपनी देना बंद कर दिया है। आज एक भी कूलर मेरे पास नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष इन उपकरणों की रिकार्ड बिक्री हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि बिजली कि स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण लोगों में कूलर का क्रेज ज्यादा है। इसके अलावे झाझा, सिकन्दरा, चकाई आदि क्षेत्र में भी कूलर एवं फ्रीज की बिक्री काफी हुई है।

अर्थव्यवस्था की रीढ़ है जमुई की नदियां


 पहाड़ की तलहटियों से कलकल बहती पहाड़ी नदियां इस जिले की मनोरम छटा को सुंदरता प्रदान कर रही है। कुछ नदियों का उद्भव स्थल इस जिले से हुआ तो कई प्रमुख नदियां जमुई जिले से होकर गुजरी है। मुख्य रुप से इस जिले में 10 नदियां बहती हैं। जो शहरी सहित ग्रामीण इलाकों की अर्थ व्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। जिले के चकाई प्रखंड से बहने वाली अजय नदी संयुक्त बिहार के बड़े नदियों में शुमार थी। जिसका उद्भव स्थानीय सरौन से हुआ जो झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल में पहुंच गंगा में मिल जाती है। इस नदी की चर्चा महाभारत ग्रंथ में भी मिलता है। अर्थव्यवस्था के दृष्टिकोण से भी यह नदी महत्वपूर्ण स्थान रखती है। इस नदी पर गम्हरिया गांव के पास एक बांध का निर्माण हुआ है। जिसमें दस लाख मूल्य के मछली उत्पादन तथा दो हजार हेक्टेयर खेतों में सिंचाई होती है। इसी प्रखंड के पतरो व डढ़वा नदी का उदभह चतरो एवं नावाडीह सिल्फरी पंचायत है। इन नदियों से भी किसानों को सिंचाई हेतु पानी मिलता है तो विभाग को बालू से राजस्व की प्राप्ति होती है। जिले की दूसरी सबसे बड़ी नदी किउल नदी को जिला का जीवन रेखा माना जाता है। यह नदी गढ़ी से होकर जमुई शहर मलयपुर, कुंदर होते हुए पड़ोसी जिला लखीसराय पहुंच गंगा में समाहित हो जाती है। किउल नदी के पत्‍‌नेश्वर नाथ मंदिर के समीप बिहार दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी ने कैवल्य धाम तीर्थ की स्थापना की है। साथ ही ग्यारह फीट भगवान महावीर का प्रतिमा स्थापित किया। माना जाता है कि जैन आगम व प्राचीन शास्त्रों में वर्णित भौगोलिक वर्णन के आधार पर आधुनिक विद्वानों ने किउल नदी को ऋजुकूला नदी प्रमाणित किया है।
खैरा प्रखंड से निकलने वाली भारोटोली नदी रोपाबेल गांव के पास जाकर किउल नदी में मिल जाती है। इस नदी से आधे दर्जन गांव की आबादी लाभान्वित होती है। जबकि बुनबुनी नदी प्रखंड के पूर्वी भाग के उमंतरी गांव के पास किउल नदी में मिल जाती है। सोनो प्रखंड से गुजरने वाली दो प्रमुख नदियां यथा बरनार और सुखनर क्षेत्रीय अर्थ व्यवस्था को संबल प्रदान करती है। बरनार नदी से लगभग पांच दर्जन गांव के किसान सिंचाई कर पाते हैं जिस कारण इन क्षेत्रों में रबी फसल की पैदावार किसानों के लिए आर्थिक समृद्धि का श्रोत बना है। सुखनर नदी भी इन क्षेत्र के लोगों को अति संबलता प्रदान करता है। गिद्धौर से गुजरने वाली उलाई नदी अपनी गर्व में कई पौराणिक कथाएं छिपा रखी है। जैनागमों में चर्चित पवित्र उच्जुबालिया नदी (वर्तमान में उलई नदी) तथा नागी नदी के संगम पर गिद्धौर के तत्कालीन राजा ने दुर्गा मंदिर का निर्माण कराया था। जैनागमों में आए वर्णन के अनुसार इस संगम में स्नान करने के उपरांत हरिवंश पुराण का श्रवण करने से नि:संतान दंपत्तियों को पुत्र की प्राप्ति होती है।
बाक्स
किउल नदी जमुई की लाइफ लाइन
जमुई :यूं तो जिले में छोटी-बड़ी कुल दस नदियां बहती हैं पर किउल का स्थान अन्य नदियों की तुलना में महत्वपूर्ण है। खेती की रीढ़ किउल नदी राजस्व उगाही के मामले में भी अव्वल है। किउल नदी पर बने अपर किउल जलाशय योजना से 15 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया जाता है। इस जलाशय योजना से लाभान्वित लखीसराय जिले के किसान भी होते हैं। वहीं हर साल बालू घाटों के बंदोवस्ती कर राजस्व उगाही के मामले में किउल नदी की भागीदारी सबसे अधिक है। इस वर्ष पांच करोड़ में नदियों की बंदोवस्ती की गई है। प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक व ट्रैक्टर पर बालू का उठाव होता है लिहाजा सैकड़ों मजदूरों को रोजगार भी मिलता है। साथ ही वाहनों की भीड़ से होटल व्यवसाय व परिवहन विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है।
बाक्स
जिले की प्रमुख नदियां
किउल, अजय, आंजन, उलाई, भारोडोरी, पतरो, डढ़वा, बरनार, सुखनर और बुनबुनी

10 हजार सक्रिय सदस्य बनाएगी सुन्नी उलेमा बोर्ड

 रविवार को सुन्नी उलेमा बोर्ड के कार्यालय में इसरेल हबीबी की अध्यक्षता में एक बैठक हुई जिसमें अल्पसंख्यकों की समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक में यह फैसला लिया गया कि अल्पसंख्यकों का जिलास्तरीय सम्मलेन का आयोजन जल्द किया जाएगा। इस सम्मेलन के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के लोगों को जायज हक के लिए जगाया जाएगा और आपसी भाईचारा कायम रखने का पैगाम दिया जाएगा। बोर्ड के अध्यक्ष मोईन कादरी ने कहा कि बोर्ड 10 हजार सक्रिय सदस्य बनाएगी और इसकी शुरूआत बैठक से ही कर दी गई। लोगों से आह्वान किया गया कि ज्यादा से ज्यादा सदस्यता ग्रहण कर बोर्ड को मजबूत बनाएं। मौलाना जियाउल गफ्फारी ने कहा कि बोर्ड तीन साल से लोगों की नि:स्वार्थ सेवा कर रही है। बोर्ड का मकसद आम जनता के दुख-सुख व उनके हितों से जुड़ना है। बैठक में मौलान युसुफ बरकाती, मौलाना निसार, झारूद अशरफी, सलीम अख्तर, मौलाना मुस्लिम, हाफिज जमाल, हाफिज शिवयुतुल्ला, हाफिज उस्मान, मौलाना जाकिर, अकबर निजामी आदि शामिल थे।

माओवादी घटना में मारे गए लोगों को मिलेगा अनुदान


माओवादी घटना में अपराधी चरित्र वाले मारे गए लोगों के आश्रितों को भी अनुदान मिलने का रास्ता साफ हो गया है। गृह विभाग ने नियम में संशोधन करते हुए पत्र जारी किया है कि 20 दिसम्बर 2010 के बाद माओवादी घटना में अगर कोई अपराधी चरित्र वाला व्यक्ति मारा गया है तो उसके आश्रितों को एक लाख का अनुदान मिलेगा, बशर्ते उसका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं हो। इस निर्णय से फिलहाल जमुई के सिमुलतला की तीन बेवाओं को लाभ मिलना तय है। यहां बता दें कि 30 दिसम्बर 2011 की रात को माओवादियों ने सिमुलतला थाना के पिपरा-कनौदी (महुआटिल्हा) गांव में हमला बोलकर एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसमें मुमताज अंसारी, फखरूउद्दीन अंसारी व शमीम अंसारी शामिल थे। इसके अलावे गांव के ही मंसूर अंसारी, कल्लू अंसारी, शहादत अंसारी व कासिम अंसारी का अपहरण कर लिया था। दूसरे दिन इन चारों की गला रेतकर हत्या कर दी। इन चार ग्रामीणों में मंसूर, कल्लू व शहादत पर कई आपराधिक मामले सिमुलतला थाना में दर्ज हैं। पहले के नियमानुसार घटना में मारे गए सात में से चार के आश्रितों को तो एक-एक लाख अनुदान मिल गया परंतु तीन परिवार के आश्रित इससे वंचित रह गए। लेकिन गृह विभाग द्वारा नियम में संशोधन के बाद महुआ टिल्हा के मंसूर अंसारी की बेवा तब्बसूम, कल्लू अंसारी की बेवा शहजादी बीबी एवं श्हादत अंसारी की बेवा नैतुन बीबी को एक-एक लाख अनुदान मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार के इस निर्णय का सुन्नी उल्मा बोर्ड के मौलाना जियाउल रसूल गफ्फारी ने सराहना की है। इसके अलावे चकाई थाना के नौआडीह पंचायत के उदयपुर गांव के कमल मरांडी 2011 में बांका के चानन थाना में मारा गया था। जनवरी 2012 में सहदेव यादव की हत्या नक्सलियों ने गला रेतकर कर दी थी। पहले सहदेव भी नक्सलियों के लिए काम करता था और इसके खिलाफ भी कई मामले दर्ज थे। इन दोनो की विधवा बड़की मुर्म एवं सोहनी देवी को भी अनुदान मिलने की आस जगी है।
क्या कहते हैं एसपी
आरक्षी अधीक्षक उपेन्द्र प्रसाद शर्मा ने कहा कि जमुई में मेरी जानकारी में अभी तक सिमुलतला के तीन आश्रित हैं। उन्हें अनुदान जरूर मिलेगा। इसके अलावे सरकार के स्तर से जो निर्णय होगा उन्हें भी अनुदान मिलेगा।

कार ने मारी साइकिल में टक्कर, दो जख्मी

 झाझा-जमुई मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार से साइकिल सवार को टक्कर लग जाने के कारण साइकिल सवार एवं कार चालक दोनों ही गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को गिद्धौर पुलिस एवं ग्रामीणों के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गिद्धौर लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद समुचित इलाज हेतु प्रभारी डॉ. विजेन्द्र सत्यार्थी द्वारा जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार रविवार को प्रखंड अंतर्गत नवादा ग्राम के निकट देवघर से आ रही एक कार जिसका नम्बर डब्ल्यूबी-02 डब्लू 4059 है। नवादा ग्राम के निवासी व अवकाश प्राप्त कर्मचारी परमेश्वर राम अपनी साइकिल पर सवार होकर गिद्धौर बाजार आ रहे थे। अचानक पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक हुंडई कार से टक्कर लग जाने के कारण वे गंभीर रुप से घायल हो गए तथा कार चालक भी गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की उग्र भीड़ को शांत कर कार को जब्त कर लिया। उक्त कार देवघर से समस्तीपुर जा रही थी। कार में महिलाएं एवं बच्चे भी सवार थे। जो बाल-बाल बच गए।

युवा संपादक को लेकर कार्यशाला आयोजित

 दैनिक जागरण युवा संपादक प्रतियोगिता को लेकर जिले के छात्रों के बीच होड़ मची है। ज्यादा से ज्यादा छात्र इस प्रतियोगिता में शामिल हो इस गौरव को प्राप्त करना चाह रहे हैं। कार्यशाला की फोन की घंटी छात्रों के कौतूहल पूर्ण सवालों के घनघना रही है। शनिवार को युवा संपादक को लेकर आवासीय रामकृष्ण उच्च विद्यालय गांधी नगर में कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में 100 छात्रों का पंजीयन किया गया तथा अखबार बनाने के तरीके को विस्तारपूर्वक समझाया गया। छात्रों के कई तरह के सवालों का जवाब भी दिया गया। मौके पर छात्रों ने कहा कि वो दैनिक जागरण के पाठक पहले से हैं लेकिन इस बार उसी अखबार का युवा संपादक बनने का मौका मिल रहा है जो उनका चहेता अखबार है। वो अपनी पूरी क्षमता लगा देंगे। इस मौके पर शिक्षक रामाकांत सिंह, आशीष कुमार सिंह, महेश कुमार सहित दैनिक जागरण के माडम प्रभारी संजय कुमार सिंह, प्रसार प्रभारी अमरेश कुमार सिंह, विज्ञान प्रभारी सत्येन्द्र नारायण सिंह आदि उपस्थित थे।

किन्नरों के लिए विधिक जागरुकता शिविर

प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में रविवार को विधिक किन्नर जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किन्नर लोगों की विधिक संबंधी जानकारी एवं अधिकारों के बारे में बताया गया। इस मौके पर उपस्थित स्थानीय लोगों को न्यायिक दंडाधिकारियों ने कानून के अंतर्गत प्रावधानों, कानूनी अधिकार के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही शिविर में लोक अदालत में किन मामलों का निष्पादन हो सकता है। आमजन किस प्रकार लोक अदालत से लाभान्वित होंगे इस पर भी बिंदुवार प्रकाश डाला गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव हरिदयाल पटेल, न्यायिक दंडाधिकारी विजय किशोर सिंह, रघुवंश नारायण, श्यामल कुमार, शरदचन्द्र कुमार सहायक पीएलए उत्तम कुमार, विनय कुमार, मुकेश रंजन, प्रेम प्रकाश, संजीव पांडेय, सुबोध कुमार सहित प्रखंड प्रमुख त्रिवेणी यादव, बीडीओ रेणुवाला एवं दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

पानी सम्मेलन का आयोजन आज

सिमुलतला क्षेत्र में जलसंकट निवारण हेतु पानी सम्मेलन का आयोजन आगामी 28 मई को जयप्रकाश नारायण उच्च विद्यालय सिमुलतला में किया जाएगा। सम्मेलन में पानी की समस्या के अलावा सिमुलतला को प्रखंड बनाना, अस्पताल की सुव्यवस्था, जयप्रकाश नारायण उच्च विद्यालय का सरकारीकरण एवं बिजली की व्यवस्था आदि सवाल पर विचार किया जाएगा। सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन बेलहर विधायक गिरिधारी यादव के द्वारा किया जाएगा। सम्मेलन को वयोवृद्ध सर्वोदय नेता शिवानंद भाई एवं सरला बहन भी संबोधित करेंगी। सम्मेलन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उक्त जानकारी पूर्व खुरंडा मुखिया भूषण यादव ने दिया।

आईपीएस का समारोहपूर्वक अभिनंदन

स्थानीय केशरवानी ठाकुरवारी में शनिवार की रात्रि नौ बजे के करीब वैश्य समाज के द्वारा सिकन्दरा चौक निवासी ब्रजनंदन गुप्ता के छोटे पुत्र नव चयनित आईपीएस कुमार आशीष का समारोहपूर्वक अभिनंदन किया गया। समारोह की अध्यक्षता वैश्य समाज के डॉ. राजाराम केशरी ने की। अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए आशीष ने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं जो एक नए मुकाम को हासिल किया बल्कि यह सम्मान उन माता-पिता व गुरुजनों का है जिन्होंने सफलता के मुकाम पाने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने युवाओं से कहा कि पढ़ने की लगन व दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो सफलता उनके कदम चुमेगी। इसके पूर्व कृष्णा शंकर गुप्ता, सोमनाथ केशरी, ओमप्रकाश केशरी, रंजीत केशरी, रामवृक्ष महतो, शोभा महतो, सुरेन्द्र पंडित, प्रवीण मिश्रा, भगवान भगत, शिक्षक शंभूनाथ केशरी समेत दर्जनों लोगों ने सफलता पर उन्हें साधुवाद दिया।

मोबाइल बना अपराधियों के लिए काल

अपराधियों के मोबाइल एवं सिम से पुलिस को कई सफलता हाथ लग सकते हैं। मोबाइल प्रिंट निकालने में पुलिस लगी हुई है। मोबाइल प्रिंट आते ही प्रकाश ठाकुर अपहरण कांड का पर्दाफाश हो जाएगा। अपराधियों ने पीड़ित परिजन के मोबाइल पर एक बार फोन कर दस लाख रुपए की फिरौती की मांग की थी। 72 घंटे बीत गए लेकिन अपराधी द्वारा पुन: फोन नहीं किया गया है जिसके कारण परिजनों में बैचेनी और बढ़ गई है। ज्ञात हो कि पुलिस ने संजय ठाकुर के बयान पर दो मामला थाना में दर्ज किया है। एक में प्रकाश ठाकुर का अपहरण का मामला है तो दूसरी में अपराधियों के बरामद सामानों का प्राथमिकी दर्ज किया गया है। अपहृत के भाई संजय ठाकुर ने बताया कि हम गरीब परिवार पर किसकी नजर लग है। हम सभी भाई नित्य दिन कमाते हैं तो घर में खाना बनता है। संजय अपने भाई की बरामदगी के लिए थाना में ही पड़ा हुआ है।

जान हथेली पर लेकर करते हैं यात्रा


लगातार जमुई में सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों की हो रही मौत के बावजूद परिवहन नियम की अनदेखी आम बात है। वाहन चालको के हौसले इतने बुलंद है कि उन्हें नियम कानून का कोई डर ही नहीं है। सभी बस पड़ाव से यात्रियों को वाहन में भेड़-बकरियों की तरह ठूंस कर बैठाया जाता है। इतना ही नहीं गति सीमा का पालन किए बगैर छोटी-छोटी यात्री वाहन हवा से बातें करती है। सबसे आश्चर्य तो यह है कि नई-नई सड़कों पर दौड़ लगाती आटो की स्पीड देखकर लोग उसका नाम विसी रख दिया है। कोई भी यात्री वाहन ऐसा नहीं है जिसमें क्षमता से डेढ़ या दो गुणा यात्री नहीं बिठाया जाता हो। न तो चालक को दुर्घटना का डर है और न ही यात्री को। जिस मार्ग पर वाहनों की अधिकता है वहां तो कुछ ठीक है पर जिस मार्ग पर वाहनों का परिचालन कम होता है वहां तो ऊपर-नीचे यात्री को ढूंसकर बिठाया जाता है। जमुई-सिकन्दरा, जमुई-खड़गपुर, जमुई-मांगोबंदर आदि मार्ग पर ऐसी स्थिति हमेशा देखी जा सकती हे। ऐसा नहीं कि वाहन के ऊपर बैठने वाले यात्रियों से किराया कम लिया जाता है। यात्रियों की मजबूरी होती है। स्टैंड ठेकेदार एवं वाहन चालक जब तक ऊपर -नीचे यात्री फुल नहीं करते वाहन आगे बढ़ते ही नहीं है।
क्या है नियम
किसी भी वाहन के रजिस्ट्रेशन के समय उस पर बैठने वालों की क्षमता निर्धारित रहती है। निर्धारित यात्रियों से अधिक यात्री बैठाने वालों पर ओवर लोडिंग एवं नेगलिजेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

Wednesday, 23 May 2012

एसएम फ्यूल सेंटर का शुभारंभ

गुणवत्ता के साथ-साथ विश्वसनीय सेवा का लक्ष्य लिए एसएम फ्यूल सेंटर का शुभारंभ बुधवार को हुआ। झाझा-सोनो मुख्य मार्ग पर भीठरा में भारत पेट्रोलियम के पदाधिकारियों व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मादेव रावत, जदयू जिलाध्यक्ष ई. शंभूशरण आदि ने संयुक्त रुप से फीता काटकर पेट्रोल पंप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मैनेजर निर्मल सिन्हा, विक्रय पदाधिकारी लोकेश मिश्रा, रविशंकर, बिहार प्रदेश जदयू तकनीकी सेल के महासचिव शैलेन्द्र, एसएम फ्यूल सेंटर के डीलर सुधीर व राजीव रावत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

राशन कूपन का वितरण शुरू

बुधवार को अलीगंज प्रखंड के 13 पंचायतों में राशन केरोसीन एपीएल, बीपीएल कूपन का वितरण शुरू कर दिया गया। प्रखंड के आढ़ा, कोदवरिया, अलीगंज, दिननगर, पुरसंडा आदि गांवों में कूपन वितरण कार्य किए जा रहे हैं। यह जानकारी बीडीओ डॉ. मीर सलाउद्दीन ने दी। उन्होंने कहा कि दूसरे को कूपन देने पर पंचायत सचिव पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इधर आढ़ा पंचायत के मिडिल स्कूल में पंचायत सचिव कूपन वितरण कर रहे थे जहां लाभुकों ने हो हंगामा कर दिया जिससे कूपन वितरण कार्य बंद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सत्यनारायण राम ने पहुंचकर लाभुकों से बात कर कूपन वितरण शुरू करवाया। मामला बस इतना ही था कि जिन लाभार्थी का राशन कार्ड है उसे साथ नहीं लाकर कूपन लेना चाहते थे। कूपन वितरण की समीक्षा के उपरांत बीडीओ ने कहा कि सभी पंचायतों में आमजन का सहयोग मिल रहा है।

एक और सड़क लुटेरा गिरफ्तार


बटिया घाटी सड़क लूटकांड में शामिल गिरोह के एक अन्य सदस्य को चकाई पुलिस गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष दुर्गेश राम ने बताया कि एक दिन पूर्व गिरफ्तार दो सड़क लुटेरों को निशानदेही पर राजू हाजरा को चहबच्चा थाना चकाई से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य लुटेरों की भी पुलिस तलाश में जुटी है उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संदिग्ध अवस्था में एक गिरफ्तार
चकाई, निज प्रतिनिधि : जमुई के एएसपी अभियान एस सचिन्द्रन के नेतृत्व में सीआरपीएफ के जवानों ने मंगलवार की रात्रि चकाई थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों की टोह में विशेष एलआरपी अभियान चलाया। जिन गांवों में छापेमारी अभियान चलाया गया उनमें चकाई थाना के दक्षिणी क्षेत्र स्थित लकड़ाही, लेड़वा, गोविंदपुर, दुलमपुर, प्रतापपुर, बसतपुर, करही, बिचकोड़वा शामिल हैं। छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार किया गया। जिसका नाम मनोज सोरेन थाना चरकापत्थर सोनो का बताया जाता है। छापेमारी अभियान में बटिया एवं महेश्वरी कैंप के सीआरपीएफ जवानों के अलावे चकाई थानाध्यक्ष दुर्गेश राम शामिल थे। थानाध्यक्ष दुर्गेश राम गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ कर रहे हैं।
चोरी
झाझा : रविवार रात प्रखंड के तेतरियाटांड़ गांव के पप्पू रावत के घर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपए के सामान चुरा लिया। थाना में प्राथमिकी हेतु आवेदन दिया गया है।

पैसे को लेकर पति ने किया था पत्‍‌नी पर जानलेवा हमला

 पैसे को लेकर पति ने अपनी पत्‍‌नी पर जानलेवा हमला किया। इस संदर्भ में कठबजरा गांव के पीड़ित पिता धानो यादव के बयान पर झाझा थाना में मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित पिता ने कहा कि 20 मई की रात्रि मेरा दामाद बाराजोर निवासी प्रदीप यादव दस-ग्यारह लोगों के साथ मेरे घर आया और बरामदे पर सो रही मेरी लड़की मंजू देवी को जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया। वहीं दामाद के साथ आए लोग मेरे साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने कहा कि विगत दिनों दामाद ने गाड़ी खरीदने के नाम पर एक लाख रुपए की मांग की थी। जिसकी सूचना मंजू ने हमलोगों को दिया था। इस घटना में बाराजोर के सहदेव यादव, प्रदीप यादव, कठबजरा गांव के दानु यादव, मोहन यादव, विष्णुदेव यादव, चांय गांव के श्याम सुंदर यादव के अलावे विष्णुदेव यादव का बड़ा साला को आरोपी बनाया है। मालूम हो कि विगत दस साल पूर्व मंजू देवी की शादी बाराजोर गांव के प्रदीप यादव के साथ हुआ था। मंजू को एक आठ वर्ष की लड़की एवं छह वर्ष का लड़का भी है। घायल मंजू का इलाज पटना स्थित पीएमसीएच में चल रहा है।

सुमन ने किया गांव का नाम रोशन


सच्ची लगन के बदौलत किसी भी मुकाम को हासिल करना असंभव नहीं है। तभी तो सरकारी विद्यालय में पढ़ाई कर आईआईटी जेईई में प्रखंड के सुंदरीटांड़ निवासी कपिलदेव दास व माता सुनीता देवी के पुत्र सुमन सौरभ ने 2012 रैंक हासिल कर प्रखंड सहित उमवि सुंदरीटांड़ का नाम रोशन किया है।
सुमन ने प्राथमिक शिक्षा सुंदरीटांड़ से प्राप्त किया। मैट्रिक की पढ़ाई अनुग्रह उच्च विद्यालय झाझा से किया जिसमें 82 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। इंटर की पढ़ाई उसने आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल रांची से पास कर आईआईटी जेईई 2012 में रैंक 2012 के अलावे आईआईटी कालेंगा में एससी रैंक 443 हासिल किया। पढ़ने में तेजस्वी सुमन ने इसके लिए अपने पूरे परिवार सहित गुरुजनों के अहम योगदान को महत्वपूर्ण माना है। सुमन के अनुसार उसका सपना सिविल सेवा परीक्षा में उत्तीण होना है।

डीएम को सौंपा आठ सूत्री मांगों का पत्र

 पेंशनर्स एसोसिएशन की जिला इकाई ने अपनी आठ सूत्री मांगों से संबंधित पत्र जिलाधिकारी मयंक वरबड़े को दिया है। जिसमें पेंशनधारी एवं उनके परिवार को हेल्थ कार्ड, पर्याप्त मेडिकल सुविधा मुहैया कराने अस्पतालों में इलाज का खर्च की पूर्ति व केन्द्र के अनुरुप 300 रुपया चिकित्सा भत्ता प्रतिमाह भुगतान करने, 80 वर्ष के पश्चात अतिरिक्त पेंशन का लाभ न होकर 65 से लेकर 80 तक 25 प्रतिशत की दर से बढ़ोतरी करने की मांग की गई है। पारिवारिक पेंशन 30 प्रतिशत के बदले 50 प्रतिशत करने तथा पेंशनर्स एसोसिएशन के लिए नि:शुल्क भू-खंड उपलब्ध कराने की मांग की है। पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला मंत्री सरयुग पासवान ने बताया कि ऐसोसिएशन के प्रांतीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से इन आठ सूत्री मांग को पारित किया गया है।

फरार अभियुक्त गिरफ्तार


चन्द्रमंडीह थानाध्यक्ष हरेराम साव ने घाटशीला लूट कांड के अभियुक्त हमीम अंसारी को गुप्त सूचना के आधार पर बंधा गांव से गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हमीम के खिलाफ कुर्की वारंट भी निर्गत हो चुका था। वह एक वर्ष से लगातार फरार था।
साइकिल राशि का वितरण
चकाई : एसके उच्च विद्यालय चकाई में शिविर लगाकर निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी रत्नेश्वर रजक की देखरेख में 200 छात्रों के बीच पांच लाख रुपये का वितरण मुख्यमंत्री साइकिल योजना मद से किया गया। वितरण का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन पांडेय, बीस सूत्री अध्यक्ष संतु यादव एवं जदयू नेता महेन्द्र सिंह ने संयुक्त रुप से किया।

महिलाओं को टेलरिंग का प्रशिक्षण

बेरोजगार महिलाओं को रोजी-रोटी प्रदान करने के लिए नाबार्ड ने कार्यक्रम आरंभ कर दिया है। प्रखंड के दौलतपुर पंचायत के भाटचक गांव में तीस महिलाओं को टेलरिंग का दो माह के प्रशिक्षण का उद्घाटन नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक संजीव कुमार ने मंगलवार को किया। इस अवसर पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष राजू यादव, दौलतपुर पंचायत की मुखिया नीलम देवी, पंचायत सदस्य अशोक साहू तथा एनजीओ ग्रामवासिनी भारतमाता के महासचिव श्रीकृष्ण सहाय उपस्थित थे। उद्घाटन के उपरांत श्री कुमार ने बताया कि वे लखनऊ से स्थानांतरित होकर जमुई आए। सर्वेक्षण करने पर पता चला कि यहां सिर्फ बीड़ी बनाने के अलावे और कोई रोजगार सुलभ नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए मात्र 30 से 40 रुपए ही मिलते हैं और इससे उनके स्वास्थ्य को भी खतरा होता है। बाद में डीडीएम संजीव कुमार दौलतपुर पंचायत के भजौर गांव में ब्यूटीशियन ट्रेनिंग कोर्स का भी उद्घाटन किया। जिसमें तीस महिलाओं को दो माह तक सौंदर्य प्रसाधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रामवासिनी भारतमाता के महासचिव श्रीकृष्ण सहाय ने बताया कि ये प्रशिक्षण बिहार के कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह की प्रेरणा से चलाए जा रहे हैं और सभी महिलाओं को मनोयोगपूर्वक इस हुनर को सीखना चाहिए ताकि वे अपनी जीवन शैली बदल सकें। कार्यक्रम का समापन शंभू सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

किसानों को मिला अनुदानित दर पर धान का बीज

प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को एक दिवसीय शिविर आयोजित कर श्री अभियान खरीफ महोत्सव 2012 के तहत किसानों को अनुदानित दर धान के बीज दिए गए। इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार ने किसानों से अधिक से अधिक सरकारी लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि अनुदानित दर पर प्राप्त धान बीज से उन्नत धान की पैदावार होगी। कृषि वैज्ञानिक रंजन कुमार ने किसानों को कृषि कार्य हेतु सलाह दी। शिविर में धान के बीज के वितरण हेतु 16 काउंटर बनाए गए थे। जबकि अनुदानित पैसा वापस करने हेतु छह काउंटर बनाया गया था। इसके साथ ही महिलाओं के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था थी। काउंटरों पर किसानों की लंबी लाइन, खेती के प्रति बढ़े लोगों के रुझान को दर्शा रहा था। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड के 1290 किसानों को धान का बीज दिया गया। साथ ही 1200 रुपया प्रति छह किलो बीज के दर से अनुदान की राशि किसानों को वापस की गई। इस मौके पर जिला परियोजना निदेशक (आत्मा) सुशील कुमार, रामरतन सिंह, हरिनारायण सिंह, गव्य पदाधिकारी राजेश कुमार, सभी एसएमएस सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।

लघु शाखा का उद्घाटन


 आगामी 25 मई को बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक द्वारा ग्रामीणों की सुविधा के लिए दो हजार की आबादी पर एक लघु शाखा की स्थापना की जाएगी। जिसके तहत निजुआरा, चुआं एवं झूंडो में नई शाखा का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष अरविंद सिंह शेखावत के अलावे स्थानीय विधायक व अन्य लोग उपस्थित रहेंगे।
मांग
जमुई : भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिला उपाध्यक्ष एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता रौशन कुमार सिंह सहित अन्य छात्रों ने जिलाधिकारी से लोक सेवाओं के अधिकार कानून को सख्ती से लागू करने की मांग की है। छात्रों ने कहा कि लोक सेवा अधिकार का कानून का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। मांग करने वालों में रंजन कुमार सिंह, सुरेन्द्र शर्मा, ललन कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
कार्यक्रम आज
जमुई : गुरुवार को राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर नेहरु युवा केन्द्र जमुई द्वारा सदभावना रैली का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी एनवाईके के लेखापाल नवीन कुमार ने दी।

भागने के क्रम में ट्रेन से महिला की हाथ कटी

मंगलवार की रात्रि हमलावर से बचने हेतु भागने के क्रम में जमुई स्टेशन के डाउन लाइन पर ट्रेन की चपेट में आ जाने से एक महिला की हाथ कट गई । स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल महिला को इलाज हेतु जमुई अस्पताल लाया गया। महिला की पहचान मलयपुर गांव के धनंजय कुमार सिंह की पत्‍‌नी प्रतिमा देवी के रुप में हुई। होश आने पर महिला ने फर्द बयान में कहा कि गांव से ही देर शाम जमुई जा रही थी। इसी क्रम में साकेन्द्र सिंह, पप्पू सिंह, मिहिर सिंह, गब्बर सिंह एवं टिंकू सिंह रात्रि लगभग 7:30 बजे लाठी डंडे के साथ खदेड़ने लगे। शिवालय के ठीक सामने डाउन रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ी जब मुझे टेम्पो पर चढ़ाया जा रहा था तब मुझे होश आया। मैंने देखा कि मेरा दाहिना हाथ कट गया है। इधर पुलिस घटना स्थल की फोटोग्राफी कराकर फर्द बयान रेल पुलिस को सौंप दिया है। दूसरी ओर चर्चा है कि वादी व अभियुक्तों के बीच विवाद चलता है। महिला स्वयं चपेट में आई है। इस मामले में लोगों को फंसाया जा रहा है।

स्कूली छात्रों के बीच पोशाक राशि वितरित

उमवि के 300 छात्र-छात्राओं के बीच पोशाक राशि का वितरण किया गया। तदर्थ शिक्षा समिति की अध्यक्षा चुन्नी देवी, पूर्व अध्यक्ष हेमंती देवी, सदस्य अनामिका सिन्हा, आरती देवी एवं विकास मित्र, अशोक मांझी की उपस्थिति में प्रधानाध्यापक ने राशि वितरित कराई। वर्ग 3-5 तक के बच्चों को पांच-पांच सौ एवं 6-8 वर्ग तक की छात्राओं को सात-सात सौ रुपये पोशाक हेतु दिए गए। इस मौके पर प्रधानाध्यापक लक्ष्मी प्रसाद मोदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजें। उन्होंने कहा कि शेष छात्र-छात्राओं के भुगतान की समस्या निष्पादन के बाद किया जाएगा। श्री मोदी ने बच्चों से कहा कि इस पैसे से खरीदे जाने वाले पोशाक की रसीद वे विद्यालय में जमा करेंगे। इस अवसर पर शिक्षक कामेश्वर पासवान, सकलदेव दास, जीतेन्द्र कुमार शार्दुल, शिक्षिका सुधा रानी आदि उपस्थित थे।

आर्थिक तरक्की के लिए मशरुम की खेती आवश्यक : ऐजीएम

 बुधवार को प्रखंड के पूर्वी गुगुलडीह पंचायत अंतर्गत गुगुलडीह केवाल ग्राम में नवार्ड द्वारा प्रायोजित मशरूम बीज उत्पादन प्रयोगशाला का उद्घाटन नवार्ड पटना के एजीएम पीके पांडेय, डीडीएम नवार्ड, जमुई संजीव कुमार, बीएमभी एसएस के निदेशक अशोक सिंह एवं प्रखंड प्रमुख रंजन तिवारी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नवार्ड पटना के एजीएम पीके पांडेय ने कहा कि किसानों के आर्थिक तरक्की के लिए मशरुम की खेती आवश्यक है। मशरुम की खेती करने वाले कृषकों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए जिला में पहला बीज लैब गुगुलडीह ग्राम में खोला जा रहा है। जहां प्रतिदिन दस किलो मशरुम का बीज तैयार किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आज बाजारों में इसकी कीमत लगभग दो सौ रुपए प्रति किलो तक है। समारोह में डीडीएम नवार्ड के संजीव कुमार, कृषि वैज्ञानिक डा. ब्रिजेश कुमार, बीएमभी एसएस के निदेशक अशोक सिंह, प्रखंड प्रमुख रंजन तिवारी, केन्द्र संचालन मोहन केशरी ने भी मशरुम की खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर पूर्व मुखिया महेन्द्र सिंह, कृषक श्याम सिंह, योगेश सिंह, उपेन्द्र यादव, नीरज कुमार के अलावे सैकड़ों महिला एवं पुरुष कृषक उपस्थित थे।

गौरवशाली इतिहास का साक्षी, कहीं इतिहास न बन जाए

मैं गौरवशाली इतिहास का साक्षी, आजादी के आंदोलन के गवाह के रूप में कभी बिनोवा भावे, धीरेंद्र मजुमदार व जय प्रकाश नारायण सरीखे नेताओं का विश्राम स्थली आज जर्जर अवस्था पर रोने को विवश हूं। कभी मेरे बदन से फूलों की खुशबू उठती थी आज बदन से कांटे व झाड़ की टीस उठती है। लोगों में मेरी प्रतिष्ठा थी तथा गांव की हर नई-नवेली दुल्हन मेरे पास रूक आर्शीवाद लेकर ही अपने ससुराल में कदम रखती थी। जिसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चंद्रशेखर सिंह की धर्म पत्‍‌नी भी शामिल थी। लेकिन मेरे आंगन में सांप-बिच्छूओं का डेरा है तो राहगीरों को सिर छुपाने के लिए उचित स्थान नहीं। यह क्रंदन है प्रखंड के मलयपुर स्थित जिला परिषद डाक बंगले का। जानकार बताते हैं कि एक समय यह डाक बंगला अपनी खुबसूरती के लिए प्रसिद्ध था। इसके बगान से उठते फूलों की खुशबू मंत्रमुग्ध कर देती थी। सभी सुविधाओं से परिपूर्ण था डाक बंगला। लेकिन वर्तमान समय में उपेक्षा का शिकार होकर खंडहर में तब्दील हो गया है। इस ऐतिहासिक डाक बंगले के जर्जर होने में कई कड़ी हैं। सर्वप्रथम इस डाक बंगले को पीएचईडी विभाग ने जिप से किराये पर लिया तथा जगह-जगह पर गड्ढा बना कर कोलतार संगृहित किया। उसके बाद बीएमपी ने इसे आशियाना बनाया लेकिन अब यह किसी का आशियाना तो दूर ठहराव के लायक भी नहीं रहा है। इसकी चाहरदीवारी गिर गई है। भवन के ऊपर पेड़ निकल आए । बरसात के दिनों में भवन बुरी तरह चूता है। इतना जर्जर होने के बावजूद आज भी इसमें आकर्षण की चमक बरकरार है। शायद इसका कारण महान विभूतियों के चरण धूल हो। अगर वक्त रहते संभल गया तो इस ऐतिहासिक धरोहर को बचाया जा सकता है वरना यह खुद इतिहास के पन्ने में दर्ज हो गुमनामी के अंधेरे में खो जाएगा। जिप अध्यक्ष ब्रह्मादेव रावत कहते हैं कि इस डाक बंगले का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके आगे की खाली जमीन में दुकान बनाया जाएगा ताकि राजस्व की प्राप्ति हो सके। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है।

शिक्षकों की संख्या बढ़ाए बिना पढ़ाई शुरू


ठाकुर गंगटी गोड्डा, संसू: बगैर शिक्षक की संख्या बढ़ाए ही उच्च विद्यालय की पढ़ाई शुरू हो गई। मामला प्रखंड मुख्यालय के निकट उत्क्रमित उच्च विद्यालय ठाकुर गंगटी का है।
विद्यालय में वर्ग प्रथम से सप्तम तक लगभग चार सौ छात्र नामांकित हैं। विद्यालय में मात्र दो सरकारी व एक पारा शिक्षक हैं। लगभग 133 छात्र पर एक शिक्षक है। काफी लंबे अर्से के बाद इलाके वालों के प्रयास से उत्क्रमित उच्च विद्यालय में पढ़ाई को मान्यता मिली है। इस विद्यालय में ठाकुर गंगटी, मिश्र गंगटी, मंझकोला, हरिपुर, चमारू कापरी आदि गांवों के छात्र मैट्रिक तक की पढ़ाई कर सकेंगे। इसके पहले इस गांवों के छात्रों को पांच से छह किमी की दूरी तय कर भतखोदिया, चान्दा माल आदि जगहों पर जाना पड़ता था। विद्यालय के चार सरकारी शिक्षकों को अन्यत्र प्रतिनियोजित कर दिया गया है। ग्रामीण राजेश ठाकुर, महेन्द्र प्रसाद यादव, राधाकांत झा, अजीत झा, परमानंद ठाकुर, शिव ठाकुर, सचिव राजारमण झा, अध्यक्ष सज्जो ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से प्रतिनियोजित शिक्षकों को वापस मूल विद्यालय भेजने की मांग की है।

पेयजल की योजनाएं संचिकाओं में सिमटी


 पेयजल समस्याओं से ग्रसित गांवों में टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने की योजना लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की संचिकाओं में ही सिमट कर रह गई। परिणामत: गत वर्ष और इस वर्ष भी पेयजल की समस्याओं से ग्रसित गांव में पीएचईडी द्वारा टैंकर से पेयजल नहीं उपलब्ध कराया जा सका। इन गांव के लोग कुआं व नाले का दूषित पानी पीने को विवश रहे या फिर एक से दो किमी की दूरी से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाते रहे। अलबत्ता यह दीगर की बात है कि पेयजल की समस्या से ग्रसित गांव का चयन भी किसी सही मानक के अनुसार नहीं किया गया और चयनित गांव की सूची भी त्रुटिपूर्ण रही। चयन के क्रम में विभिन्न प्रखंडों के कई गांव जो ज्यादा पेयजल की समस्या से ग्रसित थे, छुट गए। विभाग की मानें तो उन गांवों का चयन किया गया जहां चापाकल सफलतापूर्वक नहीं गाड़े जा सकते हैं।
2012-13 में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए चयनित गांव
वित्तीय वर्ष 2012-13 में सिकन्दरा प्रखंड के मंजोष, लोअर जलाय, अलीगंज प्रखंड के कोड़बाडीह और लक्ष्मीपुर, खैरा प्रखंड के सोगरा, झाझा प्रखंड सिमरासोत, लक्ष्मीपुर प्रखंड के पथलघटटा, बरहट प्रखंड के गुरमाहा और चकाई प्रखंड के एकतरा गांव का चयन पीएचईडी द्वारा किया गया। इन गांव में टैंकर और सिनटैक्स की टंकी के द्वारा पेयजल उपलब्ध कराना था।
2011-12 में चयनित गांव
वित्तीय वर्ष 2011-12 में जमुई प्रखंड के मंझवे, सिकन्दरा के मंजोष और जाजर, अलीगंज के कोड़वाडीह और लक्ष्मीपुर के पथलघटटा, बरहट के गुरमाहा, डाढ़ा मुसहरी और लखय मुसहरी तथा चकाई के एकतरा गांव का चयन किया गया।
इन गांव में टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बकायदा एक्शन प्लान बनाया गया परंतु दो वर्ष बीत जाने के बाद भी यह संचिकाओं में सिमटा ही और लोगों की आशा निराशा में बदल गई। दूसरी ओर खैरा प्रखंड का गोली, अमकोली, केरबातरी, बरहट प्रखंड का पैसराहा, चोरमारा, भुदानपुरी, मलयपुर सहित जिले के दर्जनों गांव ऐसे हैं जो चयनित गांव से ज्यादा पेयजल की समस्या से ग्रसित हैं। इन गांव का चयन भी नहीं किया गया।
कार्यपालक अभियंता ने कहा
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता केएल बैठा का कहना है कि सुखाड़ प्रभावित क्षेत्रों के पेयजल की समस्या से ग्रसित गांव में टांसपोटेशन कर पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए एक्शन प्लान बनाकर विभाग को भेजा गया परंतु इसकी स्वीकृति नहीं मिली। इस कारण इन गांव में पेयजल टैंकर से उपलब्ध नहीं कराया जा सका। 2012-13 का भी एक्शन प्लान भेजा गया है परंतु अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि हालांकि इन गांव में चापाकल गाड़ दिया गया और वहां अब टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने की नौबत नहीं है।

कड़ी धूप में बरतें सावधानी

 जेठ की चिलचिलाती धूप में जरा भी लापरवाही आपको भारी नुकसान पहुंचा सकती है। पिछले 10 दिनों से जमुई का तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा है। मंगलवार की गर्मी पांच वर्षो का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस गर्मी में डिसेंट्री के रोगियों की संख्या बढ़ गयी है। ऐसे में ग्लूकोज, पानी, नारियल पानी सहित अन्य पेय पर्याप्त मात्रा में लेकर भीषण गर्मी से बचा जा सकता है। पानी की कमी से शरीर में कमजोरी होना, चक्कर आना आम बात है। इसलिए घर से निकलने के पूर्व पानी पी लें या फिर ग्लूकोज साथ लेकर निकलें। गर्मी को लेकर डॉ. सैयद नौशाद अहमद कहते हैं कि भीषण गर्मी में शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे डिहाइड्रेशन होने की संभावना रहती है। रक्तचाप के मरीजों को गर्मी में ज्यादा परेशानी होती है। शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाता है। उन्होंने पानी अधिक पीने व हल्का व ताजा भोजन करने की सलाह दी। नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. विजय कुमार कहते हैं कि तेज धूप का आंखों पर असर पड़ता है। आंखों से पानी आता है या आंखों में दर्द होता है। इससे बचने के लिए अच्छी कंपनी के गोगल्स पहनें। वे कहते हैं कि गर्मी में नाक सूख जाता है। ऐसे में अंगुली डालने से खून निकलने लगता है। इससे बचाव के लिए स्नान करने से पूर्व नाक में सरसों का तेल डालें।

दाम बढ़ते ही बंद हो गए पेट्रोल पंप

 टीवी पर पेट्रोल के दाम बढ़ने की घोषणा होते ही पंप मालिकों ने वाहन चालकों को तेल देना बंद कर दिया। किसी ने कहा खत्म हो गया तेल तो किसी ने स्टाफ नहीं है तो कौन देगा तेल। यह हाल है जमुई शहर में अवस्थित पेट्रोल पंपों का। इसके अलावा आउट साइडर पंप का अमूमन यही स्थिति रहा। वाहन चालकों को पंप से बिना तेल लिए ही वापस लौटना पड़ा। भगत पेट्रोल पंप के मालिक अजय कुमार भगत से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि दिल्ली में उनकी मां का देहांत हो गया है। इसी सिलसिले में उनका पेट्रोल पंप दो दिनों से बंद है। इधर स्टेडियम के समीप पेट्रोल पंप के जिआउर ने बताया कि उन्होंने शाम सात बजे तक पेट्रोल बांटा। बाद में उनका पेट्रोल खत्म हो गया। इधर महिसौड़ी स्थित पेट्रोल पंप में जबाव मिला कि स्टाफ ही नहीं है तो कौन देगा पेट्रोल। वैसे इस पंप के मालिक ने बताया कि स्टाक में बचे तेल को पुरानी कीमत पर ही बेचा जाएगा। हलांकि आज की बढ़ी कीमत एसएम फ्यूल सेंटर के लिए काफी शुभ रहा क्योंकि आज ही इसका शुभारंभ झाझा-सोनो पथ पर भीठरा के समीप हुआ। इधर मलयपुर-जमुई मार्ग पर भी पट्रोल पंप की स्थिति यही रही।

Tuesday, 22 May 2012

75 फीसद छात्र से कम उपस्थिति वाले शिक्षक नपेंगे

शुक्रवार को बीआरसी चकाई में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिवेन्द्र कुमार सिंह ने चेक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि 75 फीसद छात्र से कम उपस्थिति वाले शिक्षक नपेंगे। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में 22 अप्रैल को अनुश्रवण समिति द्वारा आदर्श मवि चकाई, बटपार, सरौन, तेंतरिया, बुढि़याटांड़, करहराटांड़ एवं परांची का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में बटपार एवं बुढि़याटांड़ विद्यालय बंद पाया गया जबकि बाकी में बच्चों की उपस्थित आठ से 12 प्रतिशत पायी गई। चेक वितरण की शुरुआत राजीव रंजन पांडेय ने की । चेक वितरण शिविर में एक करोड़ 98 लाख की राशि 256 विद्यालयों के बीच वितरित किया गया। शिविर में सभी विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक, बीआरपी जीतराम हांसदा, सतेन्द्र सिंह, सोनू कुमार, एमडीएम प्रभारी अमीर दास, विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन पांडेय मौजूद थे।

विद्या से बढ़कर कोई दौलत नहीं :विधायक

विद्या से बढ़कर कोई दौलत नहीं है। बिना पढ़े कभी भी दौलत को हासिल नहीं किया जा सकता है। उक्त बातें इंटर स्तरीय श्रीकृष्ण विद्यालय में साइकिल राशि वितरण समारोह में क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर पासवान ने कही। उन्होंने कहा कि सरकार के चलाए गए साइकिल योजना विद्यार्थियों के लिए उत्साहव‌र्द्धन है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अगर आप सच्चे मन से मेहनत करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी। इसके साथ ही विद्यालय की खामियों को जिक्र करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ रहने एवं शिक्षकों को विद्यार्थी के साथ अपने औलाद जैसा व्यवहार करने की अपील की। इसके पूर्व विद्यालय के 155 लड़कियों एवं 352 लड़के के बीच 12 लाख 67 हजार 500 रुपये की साइकिल राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि ने किया जबकि मंच संचालन शिक्षक जर्नादन सिंह ने की। मौके पर जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, जिला परिषद सदस्या संगीता देवी, प्रमुख सीता देवी, सुरेश यादव, चन्द्रदेव सिंह, अंबिका यादव, पूर्व मुखिया मनोज कुमार सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष गोरीशंकर कुमार, रामवृक्ष महतो, प्रदीप चौधरी, चंद्रिका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावकगण उपस्थित थे।

49600 विद्यार्थी पर भी पुस्तकालय नहीं

 प्रखंड के 640 गांवों में 292 मध्य एवं प्राथमिक विद्यालय, छह उच्च विद्यालय, चार इंटर स्तरीय विद्यालय एवं एक डिग्री कालेज है जिसमें 49600 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इन संस्थानों के 15000 विद्यार्थी प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। बावूजद इसके प्रखंड में एक भी सरकारी या गैर सरकारी पुस्तकालय नहीं है जहां बच्चों को सभी तरह की पत्रिका या पुस्तकें उपलब्ध हों। ऐसे में गरीब बच्चे उच्च शिक्षा के प्रतियोगी माहौल में पिछड़ रहे हैं। प्रखंड में 80 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं। इनके बच्चों के पास इतना पैसा नहीं है कि वे पत्रिका एवं विभिन्न अखबार खरीद कर पढ़ सकें। ऐसे में सार्वजनिक पुस्तकालय ही इनके उम्मीद की आखिरी किरण है। जहां एक साथ कई पुस्तकें पत्रिका समाचार उपलब्ध होता है। चकाई में एक भी पुस्तकालय के नहीं होने से गरीब ग्रामीणों के बच्चे प्रतियोगिता परीक्षा में असफल हो रहे हैं। आदिवासी छात्रावास में रह कर पढ़ाई कर रहे एन्पोनी बताते हैं कि पुस्तकालय नहीं रहने से हमलोग पिछड़ रहे हैं। वहीं परांची के परमेश्वर एवं नारायण दास कहते हैं कि पुस्तकालय प्रतियोगिता परीक्षार्थी की रीड़ होती है। हमारे अभिभावक मजदूरी करके पत्रिका के लिए पैसे नहीं दे सकते हैं ऐसे में हम रोजगार के अवसर खो रहे हैं। चकाई में पुस्तकालय की स्थापना को लेकर घोरमो निवासी प्रो. धर्मेन्द्र सिन्हा ने जमुई समाहरणालय के समक्ष आमरण अनशन किया। आमरण अनशन के दौरान तत्कालीन अनुमंडलाधिकारी ने एक माह के अंदर चकाई में पुस्तकालय खोलने का लिखित आश्वासन देकर अनशन तुड़वाया। आश्वासन के एक वर्ष बीत गए परंतु चकाई में पुस्तकालय नहीं खुला। अनुमंडलाधिकारी बदल गए परिणाम वही ढाक के तीन पात साबित हुआ।

बैंक सेवा व्यवस्था देख खुश हुए मंत्री


सोमवार को सूबे के भवन निर्माण मंत्री दामोदर रावत ने सिमुलतला स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचकर बैंक सेवा व्यवस्था देख काफी खुश हुए। श्री रावत ने बैंक के सुझाव पंजी में बैंक कार्य एवं प्रबंधक विनोद कुमार सिन्हा की सराहना की। साथ ही ग्राहक सेवा विस्तार करने की कही। इस अवसर पर समाजसेवी गौतम सिंह, बैंक कर्मी सी मरांडी, अमित कुमार, कन्हैया यादव आदि उपस्थित थे।
बीपीएल परिवार के कई सदस्यों का आपरेशन
सिमुलतला : सोमवार को कल्याण सेवा संस्थान विवेकानंद अस्पताल सिमुलतला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा अंतर्गत बीपीएल परिवारों के कई सदस्यों का आपरेशन डा. अख्तर नौमानी एवं डा. पीके सिंह की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के व्यवस्थापक डा. डीपी गुप्ता, संजू कुमारी, आशीष विद्यार्थी उपस्थित थे।

किसान संगोष्ठी जुलाई में


 राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा मध्य एवं माध्यमिक विद्यालयों के 10 वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष संगोष्ठी का विषय होगा भारत में गणित के भूतकाल, वर्तमान एवं भविष्य। विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता जुलाई माह के दूसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। जिसके बाद संगोष्ठी जिला, प्रखंड, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर होगी। प्रतियोगिता संबंधी सूचना पत्र जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा सभी संबंधित विद्यालयों को भेजा गया है।
छुट्टी के बाद मिलेगी साइकिल की राशि
जमुई : जिले के प्लस टू महराजा चन्द्रचूड़ विद्या मंदिर गिद्धौर के प्रधानाध्यापक ने बताया कि गर्मी की छुटटी के बाद छात्र-छात्राओं को साइकिल योजना की राशि कार्यक्रम आयोजित कर दी जाएगी।
शोक सभा
जमुई : वरिष्ठ पत्रकार सह चिकित्सक डा. उपेन्द्र लाल की मृत्यु पर स्वयं सेवी संस्था जनप्रेरणा के कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित दर्जनों बुद्धिजीवी लोगों ने स्व. लाल को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए एक प्रार्थनों की। इस मौके पर संतोष उपाध्याय, मधुकर प्रसाद, राकेश कुमार, राजू सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे 

चिमनी भट्ठा से रंगदारी वसूलने वाला गिरफ्तार


 चन्द्रमंडी थाना कांड संख्या 34/12 में चिमनी भट्ठा पर अंधाधूंध फायरिंग कर भट्ठा मालिक से रंगदारी वसूलने के आरोपी कांग्रेस यादव को गुप्त सूचना के आधार पर चन्द्रमंडी अवर निरीक्षक जेपी यादव एवं अमित कुमार ने सैप जवानों के सहयोग से जम्हा गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस से घिरे देख कांग्रेस यादव छप्पर से कूदकर भागने का प्रयास किया परंतु सैप जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ के बाद गिरफ्तार कांग्रेस यादव को न्यायिक हिरासत में मंगलवार को जमुई भेज दिया गया।
फूस की झोपड़ी जलकर राख
चकाई : नावाडीह के कोइरी टोला में सोमवार रात्रि को ढीबरी से आग लग जाने से गणेश वर्मा का फूस की झोपड़ी जलकर राख हो गई। आग की लपटें उठते देख पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया अन्यथा आग की चपेट में कई घर जल जाते।
चोरी
चकाई : चकाई थाना अंतर्गत दुर्गातरी गांव में पप्पू सिंह के घर अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर 21 हजार रुपया नकद, सोनो, चांदी का जेवर, बर्तन सहित दो लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। पप्पू के लिखित बयान के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई तथा मामले की छानबीन में पुलिस जुट गई है।

बूथ पर गड़बड़ी फैलाने वाले ही कर रहे विलाप

जिला जदयू के उपाध्यक्ष सह जिला 20 सूत्री के वरिष्ठ सदस्य ठाकुर नवीन सिंह, नगर पार्षद सह भाजपा जिला कार्य समिति के सदस्य मुकेश पासवान, भाजपा नेता कन्हैया साव, बलराम सिंह, जिला जदयू महादलित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जवाहर मांझी, उदय बसफोड़, शंकर भगत, प्रकाश पंडित सहित जदयू एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर नगर परिषद जमुई के चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए जिलाधिकारी जमुई, आरक्षी अधीक्षक, जमुई एवं अनुमंडलाधिकारी सहित चुनाव में संलग्न सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों तथा मतदान कर्मियों को साधुवाद देते हुए कहा कि इस निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से उन लोगों को ही शिकायत है जो बूथ लुटने की मंशा रखते थे और वैसे ही लोगों की गिरफ्तारी हुई जो बूथ पर गड़बड़ी फैला रहे थे। शायद वो लोग भूल रहे हैं कि कानून के डंडे से चाहे भाजपा या जदयू के नेता हों या आम आदमी कोई ऊपर नहीं है। जो लोग अपनी गिरफ्तारी पर विधवा विलाप कर रहे हैं। वास्तव में तो वे दल विरोधी कार्य करते हुए विगत नगर परिषद के चुनाव में राजद समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में बूथ लुटते पकड़े गए थे और हावालात की हवा खानी पड़ी थी। जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष, भरत राम तथा अयोध्या रामचन्द्रवंशी ने तो यहां तक कहा कि ये वहीं लोग हैं जो विगत विधानसभा में जमुई विधानसभा क्षेत्र के राजग उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़कर अपने दल के सिद्धांत को शर्मसार किया था। ऐसे लोगों को अविलंब दल से निकालने की मांग इन नेताओं ने प्रदेश राजग संयोजक से की है।

उद्घाटन के इंतजार में जर्जर हो रहा अस्पताल


ग्रामीण मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा बरहट प्रखंड अंतर्गत पाड़ो हनुमान चौक स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेन्द्र की स्थापना की गई जिसका शिलान्यास तत्कालीन क्षेत्रीय विधायक अनंत कुमार सत्यार्थी ने वर्ष 2006 में किया था। अमूमन शिलान्यास और निर्माण कार्य प्रारंभ करने के बीच कुछ समय का फासला होता है परंतु इसके विपरीत उक्त केन्द्र का निर्माण शिलान्यास के साथ ही प्रारंभ कर दिया गया। ग्रामीण मरीजों में सरकार की इस कार्य संस्कृति के प्रति सकारात्मक आस जगी। उन्हें लगा कि सरकार का स्वस्थ समाज निर्माण का सपना धरातल पर उतरेगा। परंतु छह वर्ष से अधिक गुजर जाने के बाद भी उक्त स्वास्थ्य उपकेन्द्र को प्रारंभ करना तो दूर अब तक उद्घाटन भी नहीं किया जा सका।
क्या है वर्तमान स्थिति
छह वर्ष से अधिक गुजर जाने के बाद भी उक्त स्वास्थ्य उपकेन्द्र को प्रारंभ करना तो दूर अब तक उद्घाटन भी नहीं किया जा सका। वर्तमान हालत तो यह है कि उद्घाटन के इंतजार में सज-धज कर तैयार उक्त केन्द्र उचित रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुका है और विभाग बेखबर बना है।
कौन होंगे लाभान्वित
बरहट और लक्ष्मीपुर प्रखंड के पाड़ो, लखैय और मटिया पंचायत के लगभग 30 हजार की आबादी उक्त केन्द्र से सीधे रुप से लाभान्वित होंगी जबकि आसपास के अन्य पंचायतों के लोग भी स्वास्थ्य लाभ उठाने में पीछे नहीं रहेंगे। इस प्रकार उक्त केन्द्र के प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे झोला छाप चिकित्सकों से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
क्या कहते हैं सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डा. चंद्रेश्वर चौधरी ने बताया कि जहां तक मुझे मालूम है कि उक्त केन्द्र को अब तक पीडब्लूडी ने स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द नहीं किया है। ऐसे जानकारी मिली है। उक्त केन्द्र को जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

साइकिल राशि वितरित


 प्रखंड के मटिया स्थित चंद्रशेखर सिंह उच्च विद्यालय में मुख्यमंत्री साइकिल योजना के तहत विद्यालय प्रबंध समिति के उपसचिव डा. ओमप्रकाश के द्वारा 235 विद्यार्थियों के बीच साइकिल राशि का वितरण किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपसचिव ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि इस तरह की योजना से विद्यालय में लड़कियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई जिससे लड़के और लड़कियों के शैक्षणिक अनुपात को पाटने में मदद मिली। कार्यक्रम को प्रबंध समिति के सदस्य विशुनदेव यादव ने भी संबोधित किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय प्राचार्य प्रभाकर मोदी ने की। इस मौके पर पूर्व मुखिया रामलखन यादव, जैनूल मियां, कोर्डिनेटर प्रवीण कुमार, शिक्षक योगेश्वर यादव, योगेन्द्र शर्मा, विवेकानंद पांडेय, सहायक विपिन कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं व अभिभावक उपस्थित थे।
इधर निज प्रतिनिधि चकाई के अनुसार : परियोजना कन्या उच्च विद्यालय चकाई में 250 छात्राओं के बीच मुख्यमंत्री पोशाक की आठ लाख 75 मद की राशि का वितरण चकाई के जिला परिषद सुरेश राम किया। शिविर में प्रभारी प्रधानाध्यापक सुरेश पांडेय, वंतु पांडेय, सूर्यकांत ठाकुर, अजय कुमार, सविता कुमारी, पवन केशरी, विद्या केशरी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।

बटिया घाटी लूटकांड का दो आरोपी गिरफ्तार

बहुचर्चित बटिया घाटी लूटकांड एवं धोवघट पुल पर डकैती को अंजाम दे रहे गिरोह के दो मुख्य सदस्यों की गिरफ्तारी से प्रखंड में हो रहे सड़क डकैती पर अंकुश लगने की संभावना है। चकाई थानाध्यक्ष दुर्गेश राम ने इस संबंध में बताया कि दोनों अपराधियों पर पुलिस की वर्षो से नजर थी। इनकी गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर चकाई थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ गांव से की गई है। गिरफ्तार अपराधी फुलेश्वर पूजहर कोदवा थाना सोनो एवं मुसो पूजहर उर्फ विजय कर्माटांड़ चकाई का निवासी है। गिरफ्तार सड़क लुटेरों ने पुलिसिया पूछताछ के क्रम में स्वीकार किया है कि वह तीन बार बटिया घाटी के चिरन पुल पर एवं दो बार धोबघट पुल पर लूट की घटना को अपने अन्य सहयोगियों के साथ अंजाम दिया था। उन्होंने यह भी स्वीकारा कि 20-25 की संख्या में घटना को बराबर अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह की कमान हरिअंधी के प्रेम सिंह के जिम्मे हैं। उन्हीं के इशारे पर सारा घटना को अंजाम दिया जाता है। चकाई पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को जमुई न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

कोरम के अभाव में बीडीओं ने किया बैठक स्थगित

पंचायत समिति की एक विशेष बैठक कोरम के अभाव में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा स्थगित किए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताया रोष। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि बैठक की सूचना निर्धारित समय पर नहीं दिए जाने के कारण सुदूर क्षेत्रों के कई प्रतिनिधि नहीं आ पाते हैं। मंगलवार को प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देशानुसार प्रखंड मुख्यालय के प्रांगण में वानिकी योजना को लेकर स्थल चयन के लिए पंचायत समिति सदस्यों की एक विशेष बैठक बुलाई गई थी लेकिन कोरम के अभाव में बीडीओ सत्येन्द्र महतो के द्वारा बैठक स्थगित कर दिए जाने के कारण बैठक में भाग ले रहे सभी मुखिया आक्रोशित हो उठे तथा बिना सूचना के प्रखंड प्रमुख, प्रखंड उप प्रमुख एवं कई विभागीय पदाधिकारियों के अनुपस्थित रहने के बारे में प्रखंड विकास पदाधिकारी से पूछने लगे। इस बाबत प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष पवन कुमार यादव ने बताया कि इस विशेष बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन का फैसला लेना था लेकिन सूचना के अभाव में कई पंचायत प्रतिनिधि नहीं आ सके जिसके कारण बैठक स्थगित हो गया। वहीं प्रखंड प्रमुख रंजन तिवारी ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी अपनी मर्जी से सब कुछ करते हैं। उन्होंने बताया कि बिना मुझसे सहमति लिए ही समिति की बैठक बुलाई है। इधर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येन्द्र महतो ने बताया कि कोरम के अभाव में बैठक स्थगित की गई है। पंचायत समिति की विशेष बैठक में प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष पवन कुमार यादव, मुखिया विलायती सिंह, मुखिया नारायण यादव, मुखिया ललन सिंह, मुखिया बुलबुल देवी, मुखिया निर्मला देवी, मुखिया सुनंदा देवी, मुखिया अशोक रविदास गिद्धौर के अलावे वन विभाग के नवल किशोर सिंह, डा. विजियेन्द्र सत्यार्थी, अंचलाधिकारी ठुईयां उरांव, पंचायत समिति सदस्य कला देवी भी उपस्थित थीं।

जैव विविधता दिवस पर किसान गोष्ठी

मंगलवार को प्लस टू उच्च विद्यालय के सभागार में पर्यावरण एवं वन विभाग द्वारा जैव विविधता दिवस के मौके पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता करते हुए जमुई वन प्रमंडल पदाधिकारी ललन प्रसाद सिंह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2000 में 22 मई को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के रुप में घोषित किया था। जिसका मुख्य उद्देश्य यह था कि लोग जैव विविधता के महत्व को समझें। उन्होंने सभी किसानों, बुद्धिजीवी तथा आमलोगों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग करने की बात कही। जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि किसानों की जैव विविधता के महत्व को समझना होगा। साथ ही वे खेती के साथ-साथ इस बात की ख्याल रखें कि पर्यावरण का संतुलन किसी भी शर्त पर नहीं बिगड़े। उन्होंने कहा कि आज तापमान 40 डिग्री से लगातार ऊपर जा रहा है जिसका मुख्य कारण जैव विविधता है। कार्यक्रम में वन क्षेत्र पदाधिकारी जमुई नरेन्द्र शर्मा, आरएन झा, आनंद कुमार ने जैव विविधता पर अपनी बात रखी। इस मौके पर किसानों के अलावे वन समिति के सदस्य व वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

पंसस की बैठक में छाया रहा भ्रष्टाचार का मामला

ग्राम सभा द्वारा चयनित कार्य योजना की सूची अनुमोदन के लिए प्रखंड परिसर में मंगलवार को आहूत बैठक में छाया रहा विकास एवं कल्याणकारी कार्यो में भ्रष्टाचार एवं अनियमितता का मामला। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड प्रमुख वीरेन्द्र हेम्ब्रोम ने पीएचईडी द्वारा लापरवाही बरतने, चापानल लगाने के नाम पर बिचौलिया द्वारा उगाही करने का मामला उठाया। बैठक का संचालन कर रहे प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने चापाकल मिस्त्री से प्रखंड कार्यालय में हजारी बनाने एवं प्रतिदिन कार्य रिपोर्ट से अवगत कराने साथ ही बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछ विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पोझा के पंचायत समिति नवीन चंद्रा ने आदिवासी गांव बेलखरी, शुकुलबथान, हरणी, चीहरा में सरकारी कार्य नहीं होने एवं विकास कार्य में आदिवासी गांवों की उपेक्षा किए जाने, मनरेगा, जनवितरण में निरंतर हो रहे लूट-खसोट का मामला उठाते हुए जिलास्तरीय टीम का गठन कर जांच कराने की मांग की। ठाढ़ी पंचायत समिति सदस्य ने पंचायत में ठाकुर आहर के नाम पर मनरेगा से दूसरा आहर में काम कराने एवं सड़क मरम्मत में कार्य किए मजदूरों को तीन माह बाद तक भुगतान नहीं करने, मनरेगा में हो रहे फर्जी भुगतान की जांच कराने की मांग की। नावाडीह सिल्फरी पंचायत समिति ने पंचायत में आंगनबाड़ी केन्द्र के कागज पर संचालन होने एवं शिक्षा व्यवस्था चौपट होने, विद्यालय के बच्चों को छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किए जाने का मामला उठाया गया। बैठक में विकास कार्यो की समीक्षा करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने माडा, बीआरजीएफ के पुराने कार्य को शीघ्र पूरा कराने एवं समय पर उपयोगिता जमा करने का निर्देश दिया। बैठक में अंचलाधिकारी सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कौशल किशोर, कार्यक्रम पदाधिकारी नरेश कुमार, प्रमुख वीरेन्द्र हेम्ब्रोम, उपप्रमुख दिनेश पासवान, मुखिया संघ अध्यक्ष मो. अव्वास, जिला परिषद सदस्य सुरेश राम, पशु चिकित्सक डा. कुंदन कुमार, मध्याह्न भोजन प्रभारी अमीर दास, पीएचईडी अभियंता गौसूर रहमान, वशिष्ठ पांडेय, जिला परिषद गंगा देवी, नाजीर रणजीत कुमार, बालमुकुंद कुमार सहित सभी मुखिया उपस्थित थे।

प्रेम प्रसंग में भागी लड़की बरामद

 प्रेम प्रसंग में रांची आर्मी कैम्प से भागी लड़की उर्मिला को लक्ष्मीपुर पुलिस ने बरामद कर लिया। बरामदगी की सूचना पर रांची पुलिस लड़की के पिता राममूरत मिश्रा को लेकर जमुई पहुंची। हालांकि उर्मिला ने कहा कि वह स्वेच्छा से नजारी निवासी सुरेन्द्र यादव के पुत्र गौतम से शादी किया है। बाद में पुलिस ने बयान कराने के लिए लड़की को जमुई कोर्ट लाई। तदुपरांत पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा ने भी लड़की से पूछताछ किया। उर्मिला ने बताया कि उसने 12 अप्रैल 2012 को महादेव सिमरिया स्थित धनेश्वर नाथ मंदिर में हिन्दू रीति रिवाज से शादी कर ली है।

छात्रों का हंगामा


चरित्र प्रमाण पत्र के लिए मंगलवार की संध्या दर्जनों छात्रों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप हंगामा किया। छात्रों का कहना था कि प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया जटिल है जबकि हम लोगों को साक्षात्कार में इसकी जरुरत है। बाद में जमुई थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को खदेड़ा।
गर्मी से मौत
जमुई: देवघर से छपरा लौट रहे एक वृद्ध की मौत मंगलवार को इलाज के क्रम में हो गई। जानकारी के अनुसार छपरा जिला अंतर्गत सिमनी के जनक राम अपने संबंधियों के साथ निजी गाड़ी से छपरा लौट रहे थे। जमुई पहुंचने पर उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इलाज के क्रम में जमुई अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।
जख्मी
जमुई : मंगलवार को बामदह हटिया वापस लौट रहे एक आदिवासी युवक को बोलेरो ने कुर्बा मोड़ के समीप धक्का मार दिया।

दो पक्षों का विवाद खत्म

 दो समुदाय के लोगों के सकारात्मक प्रयास से एक निजी क्लिनिक में हुए तोड़फोड़ व मारपीट का मामला शांत हो गया। मंगलवार को मुस्लिम उलेमा बोर्ड के जियाउर रसूल, मौलाना गफ्फारी, हाफिज गुफरान, जियाउल हक, विजय कुमार पासवान, लोजपा नेता सुभाष पासवान, नरेश साह, अशरफ खान, अशरफ अमरथी, महमूद सहित दोनों समुदाय के दर्जनों लोगों ने महिसौड़ी स्थित डा. नीरज साह के क्लिनिक में घटित घटना की निंदा की। सभी लोगों ने गलतफहमी में घटना घटने व अफवाहों के कारण बात बढ़ने की बात कही। बाद में दोनों पक्षों के लोगों ने मुकदमा नहीं लड़ने व प्रेम व भाईचारा के साथ रहने का संकल्प लिया। संबंधित चिकित्सक श्री साह ने कहा कि हम लोगों की सेवा करते है न कि लड़ाई। उन्होंने कहा कि मारपीट में घायल युवकों का नि:शुल्क इलाज किया जाएगा।

Monday, 21 May 2012

केंद्र पर बच्चों को मां जैसा प्यार दें : विधायक

 केन्द्र पर बच्चों को मां जैसा प्यार दें। आप स्वयं एक मां के रुप में जिस तरह अपने बच्चों के बारे में सोचती है उसी तरह केन्द्र पर आने वाले बच्चों के बारे में सोचिए। शनिवार को स्थानीय बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में आंगनबाड़ी सेविकाओं को नसीहत देते हुए उक्त बातें स्थानीय विधायक सुमित कुमार सिंह ने कही। विधायक ने इस मौके पर मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना के तहत निबंधित बच्चियों की माताओं को इस आशय का प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि आंगनबाड़ी सेविकाओं को लेकर वे दुर्भावना न रखें और केन्द्र संचालन में सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सरोज हांसदा ने की जबकि इस मौके पर पर्यवेक्षिका कंचन कुमारी, रानी कुमारी, निहारिका व अमृता, कार्यालय कर्मी सुभाष चन्द्र झा, महेश सिंह, कैलाश सिंह, प्रखंड प्रमुख आलमगीर अंसारी, गीता नंदन सिंह, पंचानन सिंह, विभूति सिंह, प्रभु राम सहित बड़ी संख्या में सेविकाएं व स्थानीय लोग उपस्थित थे।

वरिष्ठ पत्रकार का निधन

डॉ. उपेन्द्र लाल का रविवार को निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे। सुबह हर दिन की तरह अपने क्लिनिक में रोगियों को देखा और लगभग 11 बजे घर के उपरी तल्ले पर गए। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन पर पत्रकारों , बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने गहरा शोक प्रकट किया है। शोक प्रकट करने वालों में पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, विधायक अजय प्रताप, सुमित कुमार सिंह, पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल, विधानपार्षद संजय प्रसाद, पूर्व विधायक, विजय प्रकाश, बीस सूत्री उपाध्यक्ष प्रकाश कुमार भगत, ई. शंभूशरण, जिला पार्षद विकास प्रसाद सिंह, राजद नेता अमर कुमार भगत, वैश्य नेता ब्रजेश वर्णवाल आदि प्रमुख हैं। श्री लाल के निधन पर शहर के गणमान्य लोगों का उनके आवास पर तांता लग गया।

महंगाई : गृहणियां क्रोधित, गृहस्वामी परेशान


विगत तीन वर्षो में बढ़ी महंगाई ने हर आम व खास की कमर तोड़ दी। रसोई के अंदर, रसोई के बाहर सभी जगहों पर महंगाई ने भयानक रुप से पैर पसारा है। आमजन रोजमर्रा की जरुरतों को पूरा करने के लिए रातदिन मेहनत करते हैं लेकिन बढ़ती महंगाई उनके मंसूबे पर पानी फेर देती है। संप्रग सरकार के तीन वर्षो के कार्यकाल में लाख दावों के बावजूद आर्थिक मोर्चे पर सरकार फ्लाप रही है।
रसोई का हाल बेहाल
पिछले तीन सालों में खाद्य सामग्रियों की कीमत लगभग दुगुनी हो गई है जिससे गृहणियां क्रोधित हैं तो गृहस्वामी परेशान। सबसे आश्चर्य जिस नमक को लेकर महात्मा गांधी ने नमक आंदोलन चलाया उस नमक की भी कीमत तीन सालों में छह रुपया प्रतिकिलो से दस रुपया प्रतिकिलो हो गई।
आइए एक नजर डालें खुले बाजार में सामान के तीन साल पूर्व के मूल्य और अब के
सामग्री तीन साल पूर्व वर्तमान मूल्य
अरहर दाल 45 70
चावल मंसूरी 13 17
चावल सीता 15 22
सरसों तेल 60 100
रिफाइन 55 90
चीनी 16 34
चना 25 48
रसोई के बाहर मंहगाई का कहर
महंगाई ने रसोई के बाहर भी कहर बरपाना जारी रखा है। नारी प्रसाधन वस्तुओं के साथ-साथ घर को सजाना भी महंगा हो गया है। सभी वस्तुओं के मूल्यों में लगभग दोगुना का अंतर आ गया है। तीन साल पहले तीन हजार रुपए में मिलने वाले सामान्य दर्जे की आलमीरा की कीमत आज छह हजार से अधिक हो गई। वहीं दस हजार वाली गोदरेज आलमीरा 18 से 20 हजार में मिलती है। कुछ ऐसा ही हाल महिलाओं के लिए अति आवश्यक वस्तुओं का भी है। तीन साल पूर्व 25 रुपए मीटर मिलने वाला पेटिकोट का कपड़ा 45 रुपए मीटरमिलता है। इसी प्रकार 75 रुपये मीटर मिलने वाली ब्लाउज के कपड़े 110 रुपए मीटर तो सिल्क का कपड़ा 250 रुपये मीटर से 450 रुपये मीटर हो गया।
घर के बाहर भी बढ़ी महंगाई
घर के बाहर की स्थिति भी कुछ इतर नहीं। जहां पेट्रोल की कीमत आसमान छू गई वहीं तीन साल पूर्व मिलने वाली बजाज डिस्कवर बाइक की कीमत 31 हजार से 38 हजार हो गई। इसके साथ ही यात्रा किराया में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
लोगों की प्रतिक्रिया
रुबी सिंह : महंगाई ने रुला दिया है। समझ में नहीं आता है घर का खर्चा कैसे चलेगा। सरकार ने हमलोगों का मूंह बंद कर दिया है।
मंजू गुप्ता : सरकार एक ओर गरीबों के लिए कई योजनाएं चला रही है तो दूसरी ओर टैक्सों में वृद्धि कर तथा महंगाई बढ़ा लोगों को गरीब बना भी रही है।
गुड्डन प्रसाद: महंगाई ऐसी है कि घर का खर्चा नहीं चल पा रहा है। 30 से 40 रुपए की आमदनी में छह जनों के परिवार का पालन पोषण करना पड़ता है।
कपड़ा व्यवसायी मुकेश कुमार कहते हैं कि तीन सालों में कपड़ों की कीमत में 60 से 70 फीसद बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक अब पाकेट टटोलकर कपड़े खरीदते हैं।

पुलिस और पब्लिक के बीच हो मधुर संबंध : डिप्टी कमांडर

 आमलोगों के मन में पुलिस की गलत छवि के बदले मिलनसार छवि को देखकर न केवल बच्चे बल्कि उपस्थित ग्रामीणों की तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा विद्यालय प्रांगण गूंज उठा। मौका था सीआरपीएफ की 215 बटालियन द्वारा राजकीय कन्या उच्च विद्यालय सह मध्य विद्यालय गोड्डी में एक साथ आयोजित सिविक एक्शन कार्यक्रम का। इस मौके पर उक्त बटालियन के डिप्टी कमांडर कल्याण सिंह ने उपस्थित बच्चों के बीच खेल से संबंधित विभिन्न प्रकार के सामग्रियों का वितरण किया। मौके पर बच्चों व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डिप्टी कमांडर श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच मधुर संबंध स्थापित करना ही हमारा उद्देश्य है ताकि एक भयमुक्त समाज का निर्माण हो सके। मौके पर बटालियन के इंस्पेक्टर एनएस मिटई और बीके भाटिया ने एक-एक बच्चों से हाथ मिलाकर उनके मनोबल को बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य सुधीर कुमार साह सहित कई लोग उपस्थित थे।

मलयपुर के तीन छात्रों ने लहराया आईआईटी में परचम

 मलयपुर के तीन छात्रों ने आईआईटी जेईई में सफलता अर्जित कर सीमित संसाधान में बेहतर उपलब्धि की मिसाल कायम कर मलयपुर के गौरवशाली इतिहास की याद ताजा कर दी। मलयपुर निवासी हेमंत कुमार सिंह व माता शालिनी राठौर के सुपुत्र शशांक ने आईआईटी में 91194 रैंक हासिल किया। शशांक ने वर्ष 2009 में मलयपुर उच्च विद्यालय से मैट्रिक परीक्षा 67 फीसद अंक के साथ पास किया जबकि इंटर की पढ़ाई रामशरण राय कॉलेज पानापुर वैशाली से की। शशांक के पिता ने बताया कि आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि लड़के की पढ़ाई पर अत्याधिक खर्च कर सकें। वर्ष 2010 में इसका चयन रहमानी सुपर-30 में हो गया था। इसके बाद उसने खुद परिश्रम कर सफलता अर्जित की। मलयपुर के दूसरे सुपुत्र अभिषेक आनंद ने आईआईटी में 17628वां रैंक हासिल किया। संजीव कुमार सिंह के इस सुपुत्र को रैंक कम आने का मलाल तो है लेकिन विश्वास है कि एआईइइइ परीक्षा में बेहतर रैंक आएगा। अभिषेक ने डीएवी पब्लिक स्कूल जमुई से वर्ष 2009 में मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण कर आक्सफोर्ड स्कूल जमुई से 12वीं की परीक्षा पास की। इसने भी सफलता का मूल मंत्र कड़ी परिश्रम व लगन बताया। जबकि मलयपुर निवासी विनोद कुमार साह व माता सावित्री देवी के प्रथम सुपुत्र मनीष चन्द्र गुप्ता ने आईआईटी जेइइ में 4344 (ओबीसी) रैंक हासिल किया। मनीष ने वर्ष 2009 में दसवीं व वर्ष 2011 में 12 वीं की परीक्षा आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल जमुई से पास किया। मनीष ने सहपाठियों को मेहनत व लगन से पढ़ाई करने का संदेश देते हुए कहा कि उसका उद्देश्य बीटेक कर यूपीएससी की सफलता अर्जित करना है। अभिषेक के पिता गांव में ही आटा -चक्की मील चलाते हैं। बताते चलें कि पिछले वर्ष भी मलयपुर के दो छात्रों ने आईआईटी जेइइ में सफलता हासिल की थी।

विशेष राज्य की मांग को लेकर धरना आज

प्रखंड अंतर्गत पंचमंदिर के प्रांगण में भाजपा की एक बैठक प्रखंड अध्यक्ष अवध कुमार साव की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 21 मई को बिहार राज्य को विशेष दर्जा दिलाने की मांग को लेकर जिला समाहरणालय के समक्ष धरना में भाग लेने के लिए आह्वान किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से यह भी तय किया गया कि प्रखंड सदस्यता के लिए प्रभारी के रुप में शिवशंकर केशरी, जिला पार्षद नुनदेव मांझी एवं शैलेन्द्र तिवारी का चयन किया गया। साथ ही साथ बैठक में भारतीय युवा मोर्चा का एक एवं दो जून को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सफल बनाने के लिए गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी, भाजपा महादलित प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष नुनदेव मांझी, जिला उपाध्यक्ष प्रेमनंदन अम्बष्ठा, भायुमो के प्रदेश मंत्री मनीष कुमार पांडेय, प्रखंड मंत्री शिवशंकर केशरी, प्रेमरंजन वर्णवाल, डा. संजय मंडल, श्रवण वर्मा, अनिल रावत, राजकुमार मांझी के अलावे भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

छात्रों ने किया सड़क जाम

 रविवार की देर शाम स्थानीय केकेएम कालेज स्थित हरिजन छात्रावास के दर्जनों छात्रों ने कचहरी चौक को जाम कर दिया। छात्रों का आरोप था कि बाजार घुमने आए उसके कुछ साथियों के साथ बिहारी मुहल्ले के कुछ लड़कों ने मारपीट की और फिर दो छात्रों को उठा ले गए। मौके पर जमुई थाना प्रभारी जाकिर मो. हुसैन के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझाकर जाम हटवाया। मालूम हो कि जमुई शहर में नगरपालिका चुनाव को लेकर धारा 144 लागू है जिसमें सड़क जाम करना अपराध है। यह भी जानकारी मिली कि शनिवार की शाम छात्रावास के लड़कों ने बिहारी गांव के सूरज नामक छात्र को होस्टल में बंद रखा था बाद में अभिभावकों ने जाकर उसे छुड़ाया था।

चोरी की प्राथमिकी


चकाई थाना अंतर्गत दुर्गातरी गांव में परशुराम सिंह के घर अज्ञात चोरों ने सेंघमारी कर सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, कपड़ा सहित दो लाख रुपए मूल्य की संपत्ति चुरा ली। गृहस्वामी गर्मी के कारण घर के आंगन में सो रहे थे। पीड़ित परशुराम के पुत्र पप्पू सिंह के लिखित आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर चकाई थानाध्यक्ष दुर्गेश राम मामले की छानबीन कर रहे हैं।
साइकिल राशि वितरित
जमुई : प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय लथलथ में मुख्यमंत्री बालक-बालिका साइकिल योजना की राशि का वितरण चेक के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर डाढ़ा पंचायत के मुखिया विजय यादव, प्रभारी प्राचार्य रामानुज कुमार आदि उपस्थित थे।

आधे हारे, फिर भी दावेदारी पूरी


नगर परिषद जमुई के 30 वार्डों में आधे पुराने उम्मीदवारों की हार हुई है फिर भी अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के पद पर पुराने चेहरों की दावेदारी सामने नजर आने लगी है। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नम्बर तीन से अरुण कुमार साव, वार्ड नम्बर पांच से रंजीत कुमार, वार्ड नम्बर आठ से जया कुमारी, वार्ड नम्बर नौ से नारायण मंडल, वार्ड नम्बर ग्यारह से मुकेश पासवान, 13 से अनवरी खातून, 14 से अनिल प्रसाद साह, 16 से जगदीश यादव, 19 से राकेश कुमार, 20 से ममता देवी, 23 से राधा देवी, 27 से सकिला खातून, 28 से ऐशा खातून, 29 से पुतुल देवी तथा वार्ड नम्बर तीस से अशोक कुमार ने अपनी सीट बरकरार रख कर पुराने वार्ड आयुक्तों की दावेदारी मजबूत की है। हालांकि 30 वार्डो में से 15 वार्डो में नए चेहरों ने अपना परचम लहराया है।
युवाओं का रहेगा दबदबा
जमुई नगर परिषद क्षेत्र के तीस वार्डो में कई नए चेहरे युवा है। इन युवाओं में वार्ड तीन के अरुण कुमार साव, वार्ड चार के राजीव सिंह, वार्ड पांच के रंजीत कुमार, वार्ड छह के अरविंद कुमार सिंह, वार्ड सात के अलका सिंह, वार्ड 19 के राकेश कुमार , वार्ड 21 के प्रदीप कुमार कुमार तथा वार्ड 26 के सकलदेव कुमार के नाम शामिल हैं।
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की दावेदारी शुरू
नप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद क लिए तोड़जोड़ का प्रयास शुरू हो गया है। मतगणना के परिणाम आते ही कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए अनवरी खातून, मंजू भगत, पुतुल देवी तथा जया कुमारी के नाम की चर्चा है। वहीं वार्ड छह के अरविंद कुमार सिंह ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी की बात बताई है।

संसद में उठा बरनार जलाशय का मामला

 संसद के ग्रीष्मकालीन सत्र में क्षेत्रीय सांसद भूदेव चौधरी ने बरनार जलाशय का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि बरनार जलाशय योजना को पूरा करने के लिए सरकार कदम बढ़ाए। उक्त जानकारी देते हुए जदयू जिलाध्यक्ष ई. शंभूशरण ने कहा कि सांसद ने सरकार से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भेजकर यथाशीघ्र कार्य प्रारंभ कराने की मांग रखी। इस योजना से क्षेत्र के हजारों किसानों के सपने साकार होंगे।

सोनो में नटराज नृत्य संस्थान का शुभारंभ

शनिवार की शाम सोनो में सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए नटराज नृत्य संस्थान का शुभारंभ स्थानीय विधायक सुमित कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस मौके पर विधायक ने समाज में सांस्कृतिक मूल्यों को कायम रखने के लिए ऐसे संस्थान की अनिवार्यता पर बल दिया। शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति को आत्मसात किए बिना कोई भी समाज सबल नहीं हो सकता। शुभारंभ के बाद स्थानीय बीआरसी प्रांगण में आयोजित रंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधायक श्री सिंह उपस्थित हुए। यहां नटराज नृत्य संस्थान की बच्चियों ने मोहक भाव-नृत्य प्रस्तुत करते हुए उपस्थित दर्शक श्रोताओं का मनमोह लिया। मंच का संचालन कर रहे रणजीत विश्वकर्मा द्वारा गाए गीत मतवारो बादल छायो रे पर उन्होंने खूब तालियां बटोरी। संस्थान के निदेशक ओम प्रकाश माथुरी ने नृत्य की प्रासंगिकता व इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे समाज की रचनाधर्मिता की संज्ञा दी। कार्यक्रम में उपस्थित जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मादेव रावत, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार महेश्वरी सहित एफ 131 बटालियन सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट सदाराम सिंह सहित अन्य गणमान्य ने भी संस्थान की प्रस्तुति को सराहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्या पल्लवी देवी द्वारा की गई।

1526 गांव, 1701 स्कूल पर व्यवस्था ढुलमूल


यूं तो बच्चों को आठवीं कक्षा तक मुफ्त एवं जरूरी शिक्षा का कानूनी अधिकार प्राप्त हुए दो साल बीत गए। इस दौरान जमुई जिले के 1526 गांवों में 1701 प्राथमिक व मध्य विद्यालयों का बड़ा सा आधारभूत ढांचा तैयार किया गया। वित्तीय वर्ष 2009-10 में सर्वाधिक नए स्कूल जमुई जिले में खोले गए। पर राइट टू एजुकेशन कसौटी पर खरा नहीं उतर सके। मिसाल के तौर पर प्रारंभिक स्तर पर एक शिक्षक पर 30 बच्चों को पढ़ाने का दायित्व आदर्श स्थिति मानी जाती है। यहा स्थिति उलट है। आठवीं कक्षा तक के नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या 3 लाख 90 है तो महज 6324 शिक्षक हैं। जिले में छात्र- शिक्षक का अनुपात 62 है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में 6000 शिक्षकों की कमी है। इधर स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की घोर कमी देखी जा रही है। मसलन शौचालय व पेयजल सुविधा से महरूम बच्चे परेशान हैं। इसकी एक बानगी यह है कि नक्सल प्रभावित सोनो प्रखंड के 60 फीसद स्कूलों में पेयजल की सुविधा नहीं है।
बच्चों को नहीं मिले किताब
सरकारी विद्यालयों में गर्मी की छुट्टी हो चुकी है। स्कूल खुलने के कुछ ही दिनों के बाद छमाही की परीक्षा होगी। परंतु बच्चों को अब तक स्कूल से किताबें नहीं मिली। विभागीय आंकड़े बताते हैं कि जिले में 12927 छात्र-छात्राओं को किताबें नहीं मिली है। ऐसी स्थिति में राइट टू एजुकेशन की बात बेमानी सी लगती है। ऐसे ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा परोसने के कारण शिक्षा विभाग ने जमुई जिले को फीसड्डी के तमगा से नवाजा है।
विरोधी की भूमिका में बच्चे
यकीन मानिए प्राथमिक शिक्षा की अराजक स्थिति को किसी विरोधी राजनीतिक दल ने अपने एजेंडे में भले ही शामिल नहीं किया पर बच्चे व्यवस्था से नाराज होकर निरंतर सड़कों पर उतरते रहे हैं। वर्ष 2011 में पोशाक व साइकिल की राशि, मध्याह्न भोजन में अनियमितता, शिक्षकों की कमी तथा छात्रवृत्ति राशि को लेकर छात्र-छात्राओं ने कुल 37 बार सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। जो आज भी जारी है।
वर्ष 2012 में जिन स्कूली बच्चों ने किया प्रदर्शन
चकाई प्रखंड अंतर्गत उमवि गोला , प्राथमिक विद्यालय रामचन्द्रडीह, नवीन प्राथमिक विद्यालय लछुआडीह, उमवि हेठचकाई, प्राथमिक विद्यालय छछुडीह, लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय साकल निमुंडा, अलीगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय इस्लामनगर, नवीन प्राथमिक विद्यालय मंदरामुसहरी, मध्य विद्यालय गोखुलचक, जमुई प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय काकन, बरहट प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय फुलवरिया आदि स्कूली बच्चे मध्याह्न भोजन, शिक्षकों की कमी को लेकर सड़कों पर उतरे हैं।
पदाधिकारी ने कहा
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राजदेव राम बताते है कि शीघ्र ही बच्चों को किताबें उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पेयजल व शौचालय की व्यवस्था को लेकर पीएचइडी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किए जा रहे हैं।

लाठी पर टिकी है यात्रियों की सुरक्षा


19 मई को बसुआचक हाल्ट पर कुछ उपद्रवियों ने पाटलीपुत्रा एक्सप्रेस पर पथराव किया और वातानुकूलित शयनयान के शीशे तोड़ डाले। यह तो एक बानगी है। किउल-झाझा रेलखंड असामाजिक तत्वों, अपराधिक व नक्सली घटनाओं के लेकर सुर्खियों में रहा है। झाझा रेल थाना की माने तो अपराधियों एवं उपद्रवियों ने कई बार विभिन्न ट्रेनों को निशाने पर लिया है। लेकिन विडंबना ऐसी है कि झाझा-किउल रेलखंड की लगभग 55 किमी की सफर में यात्रियों की सुरक्षा लाठी के सहारे होती है। हालांकि यह रेल मार्ग नक्सल प्रभावित जंगलों के बीच से भी गुजरती है।
झाझा-जमुई-किउल रेलखंड पर तकरीबन 45 जोड़ी ट्रेन गुजरती है। झाझा रेल थाना अंतर्गत इस रेलखंड पर सुरक्षा का जायजा लें तो अधिकांश ट्रेनों में गश्ती दल चलती तो है पर लाठीधारी जवानों पर टिकी है सुरक्षा व्यवस्था। झाझा रेल थाना में 200 सशस्त्र व लाठीधारी जवान हैं। गश्ती में दो सशस्त्र बलों के साथ आधा दर्जन लाठी धारी को लगाया जाता है। ऐसे में जहां यह रेलखंड अपराधी व नक्सली के निशाने पर रहा है। वैसे में दो सशस्त्र बल व लाठीधारी से कैसी सुरक्षा की उम्मीद लगायी जा सकती है। जबकि 45 जोड़ी टेनों में कुछ मुख्य टेन पूर्वा एक्सप्रेस, हिमगीरी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, अकाल तख्त एक्सप्रेस शामिल हैं।
कहते है पदाधिकारी
झाझा रेल जीआरपी थाना के प्रभारी शशि भूषण चौधरी बताते हैं कि सभी रात्रि के टेनों में गश्ती उपलब्ध है। गश्ती में शस्त्रधारी के साथ लाठी धारी को लगाया जाता है। इसके साथ ही दिन के ट्रेनों में भी औचक गश्ती लगाया जाता है।
कुछ मुख्य घटित घटनाएं
12 फरवरी 2010 -किउल -मननपुर के बीच ट्रेन में लूटपाट
6 अगस्त 2010 -कुंदर हाल्ट पर लालकिला एक्सप्रेस में डकैती, एक घायल
21 अगस्त 2010-मननपुर रेलवे स्टेशन के समीप लूटपाट
21 अगस्त 2010 -बंशीपुर रेलवे स्टेशन के समीप लूटपाट
17 नवम्बर 2010 बंशीपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक लूटपाट
24 मार्च 2012 दादपुर स्टेशन समीप गंगासागर एक्सप्रेस में लूटपाट
20 मार्च 2012 दादपुर रेलवे हाल्ट के केबिन में लूटपाट

यात्रियों ने पाकेटमार को धर दबोचा


आसनसोल-झाझा मेमू ट्रेन में रेल यात्रियों ने एक पाकेटमार को धर दबोचा, जिसे रेल पुलिस के हवाले कर दिया। इस संदर्भ में झाझा थानाअंतर्गत छापा गांव के जाकिर हुसैन ने रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा कि आसनसोल से मेमू पैसेंजर ट्रेन से झाझा आ रहे थे। ट्रेन में अत्यधिक भीड़ रहने के कारण देवघर जिला के मधुपुर थाना के चांदवारी निवासी मो. आजाद मेरे पीछे के पाकेट से पर्स निकाल कर भागने लगा जिसको यात्रियों ने धर दबोचा और जमकर पिटाई कर डाली। इस संदर्भ में रेल थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी ने कहा कि पाकेटमार मो. आजाद को जेल भेज दिया गया।
अटैची लिफ्टर गिरोह ने सेना के जवान का बैग चुराया
झाझा, निज प्रतिनिधि : झाझा-हावड़ा रेलखंड पर अटैची चोर लिफ्टर की सक्रियता बढ़ गई है। 18 मई को 13019 हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस के स्लीपर बोगी में यात्रा कर रहे एक नौ सेना सिपाही का बैग अटैची लिफ्टर गिरोह के सदस्य ने उतार लिया। इस संदर्भ में रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है। सारण जिला के गोला बाजार निवासी सन्नी कुमार हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस के स्लीपर एस दो के बर्थ नम्बर 15 पर यात्रा कर रहे थे। जब ट्रेन झाझा स्टेशन पर रुका तो उनका ट्राली बेग गायब था। उन्होंने बताया कि वो भारतीय नौ सेना में युद्धपोत जलाशय में कार्यरत हैं। उक्त ट्राली बेग में वर्दी, कैंटीन का सामान, 6000 नगदी, मोबाइल, घड़ी आदि के साथ महत्वपूर्ण कागजात व कपड़े थे।

पति ने पत्‍‌नी पर टांगी मार किया घायल

 रविवार की देर रात्रि झाझा थाना अंतर्गत कठबजरा गांव में एक पति ने अपनी पत्‍‌नी को टांगी से प्रहार कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। घायल महिला का इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है जो जिंदगी एवं मौत से जूझ रही है। इधर घटना के बाद पति फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार को बाराजोर गांव के सहदेव यादव का पुत्र प्रदीप कुमार अपने ससुराल कठबजरा गांव गया था। रात्रि करीब ग्यारह बजे प्रदीप और पत्‍‌नी मंजू देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा जिस पर पति प्रदीप ने पत्‍‌नी के सिर पर टांगी से प्रहार कर दिया। टांगी पत्‍‌नी के सिर में फंस गई। यह देखकर पति वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना घरवालों ने पुलिस को दिया। इधर घायल मंजू को स्थानीय रेफरल अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे बेहतर इलाज हेतु पीएमसीएच रेफर कर दिया।

शोकसभा का आयोजन

 रविवार को शहर के टाउन हाल में जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा एक शोकसभा का आयोजन प्रखंड अध्यक्ष सरयू मंडल की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर जदयू कार्यकर्ता विजय शर्मा के आकस्मिक निधन पर सभी ने दो मिनट का मौन रख उनकी आत्मा के शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर रामस्वरुप पंडित, अब्दुल कयूम, डा. शाहिद अख्तर, सुबोध केशरी, चक्रधारी यादव, नेपाली पंडित, मो. जसीम अंसारी, लखन मंडल आदि उपस्थित थे।

207350 बीड़ी मजदूरों को मिला पहचान पत्र : अध्यक्ष


रविवार को स्थानीय स्टेशन क्लब में बिहार स्टेट बीड़ी मजदूर यूनियन का राज्य सम्मेलन रानी किरण की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सम्मेलन का उद्घाटन पूर्व विधान पार्षद डॉ. रविन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर श्री यादव ने कहा कि झाझा जैसे पिछड़े इलाके के प्रत्येक घरों में बीड़ी बनता है और कई परिवार इसी पर आश्रित हैं। लेकिन केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं का लाभ इनलोगों को नहीं मिल पा रहा है। यूनियन के महामंत्री शिवशंकर सिंह ने अपना लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि यूनियन लंबे समय से विपरीत परिस्थिति में संघर्ष करता रहा है और कार्यकर्ताओं की कुर्बानी के फलस्वरुप पूरे राज्य में 207350 बीड़ी मजदूरों को पहचान पत्र दिलाने में कामयाब हुआ। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति मद एवं जीवन बीमा मद में सरकार की ओर से राशि आवंटित की गई है परंतु उसका वितरण नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि आज भी अधिकांश बीड़ी मजदूर पहचान पत्र से वंचित हैं। जब तक बीड़ी मजदूरों की मांगे पूरी नहीं होगी तब तक बिहार स्टेट बीड़ी मजदूर यूनियन संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर लखी देवी, शंभूनाथ पांडेय, नुनदेव मांझी, शैलेन्द्र कुमार तिवारी, राजेश्वर पांडेय, अभिउल्लाह, सिद्धिानाथ प्रसाद, शंकर साह आदि ने भी अपनी-अपनी बातें रखी।
बाक्स
कमेटी का गठन
झाझा : बिहार स्टेट बीड़ी मजदूर यूनियन के सम्मेलन में एक कमेटी का गठन किया गया। सम्मेलन में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष राजेश्वर पांडेय, महामंत्री शिवशंकर सिंह, उपाध्यक्ष गुड़िया देवी, सिद्धिनाथ प्रसाद एवं मो. शेहराब, संयुक्त मंत्री रानी किरण, अभिउल्लाह अंसारी एवं जुल्मीकार अली तथा कोषाध्यक्ष शंकर साह के अलावे जमुई जिला शाखा के लिए अध्यक्ष मुकेश मांझी, मंत्री मो. सुभान, कोषाध्यक्ष उमेश साव, उपाध्यक्ष रामरुप तूरी, बेबी खातून एवं मिथिलेश सिंह तथा संयुक्त मंत्री शीला देवी, शंकर मंडल, उर्मिला देवी का चयन किया गया।