72 घंटे के बाद झाझा पुलिस ने अपहृत प्रकाश ठाकुर के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। झाझा थाना अंतर्गत चितोचक निवासी लालो राज की गिरफ्तारी होते ही अपराधियों द्वारा पीड़ित परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया गया है। रविवार की सुबह लगभग 9:30 बजे अपराधियों ने पीड़ित परिवार के मोबाइल पर धमकी देते हुए कहा कि आज तीन दिन पूरा होने को है। आपलोग अगर जल्द दस लाख रुपए नहीं दिए तो अपहृत प्रकाश ठाकुर की हत्या कर दी जाएगी। जानकारी के अनुसार आरक्षी अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा के दिशा-निर्देश पर झाझा पुलिस कई गांवों में छापेमारी की लेकिन समाचार लिखे जाने तक अपहृत का कोई पता नहीं चल पाया था। इस संदर्भ में प्रभारी थानाध्यक्ष राजेन्द्र पासवान ने कहा कि प्रकाश ठाकुर को अपहरण करने वाले गिरोह का पता चल गया है। उन्होंने चितोचक निवासी लालो राम की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि अपहरण कांड में लगे अपराधियों को चिन्हित कर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही प्रकाश को पुलिस सकुशल पुलिस बरामद कर लेगी। सूत्रों ने बताया कि इस अपहरण कांड में ततबाडीह गांव के एक अपराधी का हाथ है। इसके अलावे लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के कुछ अपराधी इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस एवं पीड़ित परिवार के सूत्रों के अनुसार प्रकाश की रिहाई रविवार की देर रात्रि हो जाएगी। वहीं गिरफ्तार व्यक्ति से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। मालूम हो कि विगत 24 मई की रात्रि झाझा बाजार के एक सैलून व्यवसायी प्रकाश ठाकुर का अपहरण अपराधियों द्वारा कर लिया गया था। उसी रात्रि को अपराधियों ने तीन दिन का समय देते हुए दस लाख रुपए की फिरौती की मांग की थी। नहीं दिए जाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। गरीब प्रकाश ठाकुर के परिजन काफी चिंतित हैं। नित्यदिन प्रकाश के रिहाई के लिए भगवान से प्रार्थना करने में लगे हुए हैं। वहीं पुलिस द्वारा झाझा थाना अंतर्गत चितोचक, ततबाडीह, नौवाडीह आदि कई गांवों में छापेमारी करने में लगी हुई है लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रकाश की बरामदगी नहीं हो पाई है।
No comments:
Post a Comment