Friday, 2 March 2012

झाझा में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था चौपट

झाझा, निज प्रतिनिधि : पीएचईडी विभाग की लापरवाही कहे या नगर पंचायत की उदासीनता के कारण विगत 28 वर्षो से झाझावासियों को सप्लाई वाटर नसीब नहीं हो पाया है। झाझा नगर क्षेत्र में जलापूर्ति हेतु जलमीनार सहित पाइप लाइनों तथा प्वाईटों के निर्माण के लिए झाझा अधिसूचित क्षेत्र द्वारा राच्य सरकार से ब्याज पर पैसा लेकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को लाखों रुपए दिए गए। झाझा नगर पंचायत द्वारा सूद में लाखों रुपए का भुगतान सहित पुरानी बाजार स्थित जलापूर्ति हेतु स्थापित पंप हाउस, ट्रांसफार्मर का बाढ़ से हुए क्षति के मरम्मत में भी लाखों रुपए व्यय किए गए। राशि करोड़ों में चली गई परंतु झाझा नगरवासियों के घरों में जलापूर्ति संभव नहीं हो पाई।
वर्ष 2008 में पीएचईडी की खुली थी पोल
वर्ष 2008 में झाझा नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा तत्कालीन जिलाधिकारी को पत्र के माध्यम से मामले से अवगत कराया गया था। साथ ही जिला स्तरीय बैठक में नगर पंचायत अंतर्गत जलाशय का मामला उठाया गया था। इस मामले को पीएचईडी के जिला अधीक्षक अभियंता एवं तत्कालीक अनुमंडलाधिकारी के बीच काफी विवाद भी गहराया जिसके तहत अनुमंडलाधिकारी द्वारा नगर अंतर्गत स्थलीय निरीक्षण किया गया था जिसमें जलापूर्ति के 32 प्वाइंटों में से सिर्फ छह ही चालू अवस्था में पाया गया था।
कब रखी गई नींव
वर्ष 1965 में जलापूर्ति जलमीनार का विधिवत उद्घाटन तत्कालीन पीएचईडी मंत्री रमा देवी एवं तत्कालीन विधायक डा. रविन्द्र यादव ने किया था।
क्या है निदान
अगर जलमीनार को झाझा नगर पंचायत को सुपुर्द कर दिया जाए ताकि उपभोक्ता इसका लाभ ले सकते हैं क्योंकि कनेक्शन की प्रक्रिया सरल हो जाएगी और लोग इसका भरपुर लाभ उठाएंगे।
क्या कहते हैं पदाधिकारी
पीएचईडी के कनीय अभियंता मो. रसूल रहमान ने कहा कि इस जलमीनार में बहुत सारी त्रुटियां है तीस प्वांइट में से 24 प्वाइंट संचालित है जो विगत माह से बंद पड़ा हुआ है। जलमीनार के मेंटेनेंस के लिए विभाग द्वारा कोई राशि उपलब्ध नहीं है।

अधिकार के साथ कर्तव्य भी जरुरी : अर्चना

सरौन, निज प्रतिनिधि : मानस पठनीय ही नहीं अनुकरणीय भी है। यह एक विद्वत्वपूर्ण सामाजिक विज्ञान है। उक्त बातें भागलपुर से आईं मानस कोकिला अर्चना कुमारी ने मरही गांव में एकादशी उद्यापन के अवसर पर आहूत महायज्ञ में भक्तजनों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने रामायण में माता, पिता, गुरु, शिष्य, राजा, प्रजा अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य की भी बातें बताई है। अधिकार के साथ कर्तव्य नहीं किए जाने से ही आज समाज में अराजकता, विषमता, भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि खान पान से हमारे चरित्र पर बड़ा प्रभाव पड़ता है। खान-पान से विचार व्यवहार, चरित्र एवं व्यक्तित्व का निर्माण होता है ।

अपने बच्चे को स्कूल अवश्य भेजें

गिद्धौर, निज प्रतिनिधि : महाराजा चन्द्रचूड़ विद्यामंदिर गिद्धौर के प्लस टू कक्षा में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति को कम देखकर प्रधानाध्यापक गौरीशंकर मंडल ने अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित रुप से स्कूल भेजने का आग्रह किया। उन्होंने गुरुवार को अभिभावकों को बताया कि जिन छात्रों की उपस्थिति प्लस टू कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत नहीं होगी तो उसे परीक्षा का फार्म नहीं भरने दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि प्लस टू में शिक्षकों की कमी नहीं है। अगर छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहेंगे तो विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण कैसे बन पाएगा। इधर कई अभिभावकों ने प्रधानाचार्य से कहा कि प्लस टू के छात्र-छात्राओं को विज्ञान का प्रैक्टिकल नहीं कराया जाता है। इसपर उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल का सभी सामान विद्यालय में मौजूद है। अगर छात्र-छात्राएं विद्यालय आएंगे तो प्रैक्टिकल की सारी सुविधाएं दी जाएगी।

जागरुकता को ले बच्चों ने निकाली रैली

बरहट, निज प्रतिनिधि : गुरुवार को बरहट प्रखंड के भगलपुरा गांव में विद्यार्थियों ने पोलियो जागरुकता को लेकर प्रभातफेरी निकाली। प्रभातफेरी को सेविका बबीता देवी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण विकास एवं सेवा संस्थान द्वारा किया गया। प्रभातफेरी भगलपुरा गांव से खादीग्राम चौक होकर बनगामा पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदीप कुमार ने पोलियो के रोकथाम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों के सहयोग से ही पोलियो मुक्त बिहार बनाए रखा जा सकता है। इस मौके पर अनिल दास, पवन दास, गौरी, अंजली कुमारी, पप्पू कुमार, राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।

पर्यवेक्षिका ने किया आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : बुधवार को झाझा प्रखंड के कई आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण नव नियुक्त पर्यवेक्षिका उमा कुमारी ने किया। इस दौरान उन्होंने दादपुर महादलित टोला के आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या 16, केशोपुर मकरंद केन्द्र संख्या 17, केशोपुर महादलित टोला केन्द्र संख्या 18, चरकापत्थर केन्द्र संख्या 66, तेतरियाटांड़ केन्द्र संख्या 67 एवं रामदासपुर महादलित टोला आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या 19 पर बच्चों के बीच पोशाक राशि का वितरण केन्द्र की सहायिका एवं सेविका से करवाया। इस मौके पर उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को दी जाने वाली पोषाहार की जांच कर सेविका एवं सहायिका को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनियमितता बरतने वाली सेविका एवं सहायिकाओं पर कार्रवाई की जाएगी। सरकार की अति महत्वपूर्ण इस योजना का लाभ गरीब बच्चों को दी जानी है। इस में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस मौके पर सेविका एवं सहायिका के अलावे महादलित टोले के ग्रामीण मौजूद थे।

डीलर के प्राथमिकी से ग्रामीणों में भड़का आक्रोश

झाझा, निज प्रतिनिधि : प्रखंड के केशोपुर पंचायत के दो जन वितरण प्रणाली दुकानदार द्वारा ग्रामीणों पर हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस संदर्भ में सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्तारयुक्त आवेदन जिलाधिकारी, अनुमंडलाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को देकर न्याय की गुहार लगाई है। पंचायत के सरपंच गोरखनाथ सिंह, उपमुखिया देवकी देवी, उपसरपंच प्रमोद पंडित सहित कई ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्थित जन वितरण प्रणाली दुकानदार प्रेम रजक एवं लखन रविदास द्वारा पिछले नवम्बर 2011 का राशन एवं कूपन एक साथ लिया गया लेकिन राशन उक्त दुकानदार द्वारा नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि दुकानदार अपनी मनमानी करते हुए दिसम्बर व जनवरी माह का भी राशन बेच दिया। इस संदर्भ में जब ग्रामीण पूछते हैं तो दुकानदार द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए ग्रामीणों पर हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया जाता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि दोनों दुकानदारों की उच्च स्तरीय जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह ने कहा कि ग्रामीणों के आवेदन की जांच कर कार्रवाई हेतु अनुमंडलाधिकारी के पास भेज दिया गया है।

सड़क दुर्घटना में पूर्व थानाध्यक्ष की मौत पर शोकसभा

चकाई : थाना के पूर्व प्रभारी राजेश्वर राम की सड़क हादसे में मृत्यु की खबर पर चन्द्रमंडीह थानाध्यक्ष हरेराम साव ने थाना परिसर में गुरुवार को शोकसभा का आयोजन किया। सभा में पुलिसकर्मियों ने स्व. राम को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर थानाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में राजेश्वर राम बेगूसराय के गरहरा थाना के थानाध्यक्ष थे। आज सुबह दस बजे वे मोटर साइकिल से थाना से निकले थे कि सामने से आ रही ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। उनकी मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई। मौत की खबर सुनते ही चकाई चन्द्रमंडी थाना में शोक की लहर दौड़ गई।
बैठक तीन को
झाझा : तीन मार्च को स्थानीय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने कहा कि होली पूर्व शहर एवं प्रखंड के बुद्धिजीवियों एवं जनप्रतिनिधियों की एक बैठक बुलाई गई।
छात्रवृत्ति वितरित
सरौन : बुधवार को प्रखंड कार्यालय में प्रखंड के परांची, माधोपुर, सरौन, नौवाडीह, जगही, पंचायत के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के स्कूली छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की राशि दी गई। शिविर में पंचायत सचिव बालमुकुंद प्रसाद के अलावे कई शिक्षक उपस्थित थे।

सड़कों पर फल-फूल रहा अवैध स्टोन का व्यवसाय

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : जिस होकर सड़कें गुजरती है। जाहिर है विकास की एक रुप-रेखा खींच सी जाती है जिसका तक्षण प्रभाव दिखने लगता है। ताजा नजारा अवैध स्टोन व्यवसाय का है जो सड़कों पर फल-फूल रहा है। भले ही यह वाहनों के लिए दुर्घटना का कारण भी बने पर बड़े पैमाने पर घरों व सरकारी भवनों के निर्माण की आड़ में यह व्यवसाय चल रहा है। बिहार खनिज समनुदान नियमावली 1972 के नियम 49 (1) के तहत पट्टा क्षेत्र से बाहर लघु खनिज का भंडार कर व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों को लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। जमुई में इस नियमावली का खुलेआम उल्लघंन हो रहा है। अब जरा जमुई से नवादा की ओर रूख करें तो जमुई, महादेव सिमरिया के बाद सिकन्दरा-अलीगंज तक एसएच 18 पर तकरीबन एक दर्जन जगहों पर टील्हे के रुप में स्टोन-चिप्स रखे मिलेंगे। दरअसल रसूखदार बड़े व्यवसायियों द्वारा दुमका, पाकुड़, शेखपुरा से स्टोन-चिप्स लाकर बेचा जाता है। भंडारन के लिए व्यवसायी चौड़ी चिकनी सड़क व उसके फ्लैंक का उपयोग कर रहे हैं। नतीजतन सात मीटर चौड़ी सड़क सिकुड़कर पुराने रुप में आ गई है। ऐसे में राहगीरों को परेशानी तो हो ही रही। वहीं वाहन परिचालन में जाम की स्थिति बनी रहती है। कुछ ऐसा ही नजारा जमुई शहर से लखीसराय की ओर जाने वाली मुख्य सड़क का है। जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग पर भी अवैध स्टोन-चिप्स का व्यवसाय किया जा रहा है। अब तक स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित विभाग ने एक बार भी व्यवसायियों को सड़कों पर भंडारन करने से नहीं रोका है। आमजनों के लिए विरोध करना तो मुसीबत के समान है।
खनन पदाधिकारी ने कहा
जिले के खनन पदाधिकारी एचएस दास ने कहा कि सड़कों के किनारे बिना लाइसेंस स्टोन-चिप्स का भंडारन कर व्यवसाय करना अवैध है। उन्होंने कहा कि अब तक जिनहरा के दो व्यवसायियों ने ही भंडारन का लाइसेंस लिया है।

जागरुकता रैली

जमुई : गुरुवार को बरहट प्रखंड के गुगुलडीह गांव में दांगी युवा समिति द्वारा नशा छोड़ने के प्रति जागरूक करने को रैली का आयोजन किया गया। रैली में दांगी युवा समिति के सदस्यों ने तख्ती व बैनर के माध्यम से नशा से होने वाले परिणामों को बताया। रैली में कृष्णदेव मंडल, बाल्मिकी मंडल, सुनील कुमार, विजय कुमार, शैलेन्द्र यादव सहित दर्जनों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।

लक्ष्मीपुर जंगल में लूटपाट

जमुई : बुधवार की रात्रि अपराधियों ने लक्ष्मीपुर जंगल के सवालाख बाबा के समीप कई वाहनों को लूट का शिकार बनाया। लूटे गए एक बांस व्यापारी धनेश्वर यादव ने बताया कि वे भागलपुर से सासाराम जा रहे एक खाली ट्रक के ड्राइवर से 1800 नगद व मोबाइल तथा मेरे ट्रक से चार हजार नगद व मोबाइल अपराधियों ने लूट लिया और पैसे की खोज में अपराधियों ने ट्रक ड्राइवर, सहायक एवं व्यापारियों की पिटाई भी की। धनेश्वर यादव बांका जिला के पेडरा गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि एक 407 गाड़ी अपराधियों को चकमा दे कर भागने में सफल रहा।

रोमांचक मैच में पटना जीता

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : गुरुवार को केकेएम कॉलेज मैदान में जमुई चेलेंजर्स ट्राफी टूर्नामेंट का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच पटना व देवघर की टीम के बीच खेला गया। टास जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पटना की टीम ने 34.3 गेंद पर 214 रन बनाए। पटना की ओर से सिद्धांत विजय ने 39 रन, मंगल महरुक ने 33 रन, राजीव ने 35 रनों का योगदान दिया। जबकि तेज बल्लेबाजी करते हुए पटना के कमलेश ने दो छक्कों के साथ 28 रन बनाए। देवघर की ओर से अभय ने चार विकेट झटके। जवाब में देवघर की टीम 34 ओवर में 113 रन बनाकर आल-आउट हो गई। देवघर की ओर से अनिल झा ने 70 रन, अभय ने 46 रन बनाए। पटना की ओर से कमलेश ने तीन विकेट झटके। गेंदबाजी व बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन के लिए अभय को मैन आफ द मैच चुना गया। निर्णायक की भूमिका आरके मिश्रा तथा राजेश कुमार सिंह ने निभाई।

जनता दरबार में 31 मामलों पर हुई सुनवाई

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : गुरुवार को जिलाधिकारी के जनता दरबार में जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उपविकास आयुक्त ने फरियादियों की फरियाद सुनी। जनता दरबार में सर्वाधिक बीडब्ल्यूओ को पांच तथा डीसीएलआर, सीओ तथा आईसीडीएस को तीन-तीन मामले सौंपे गए। इसके अलावे जनता दरबार में एसपी, एडीएम, डीपीओ, डीइओ, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के मामले सुने गए। गुरुवार को जनता दरबार में कुल 31 मामले की सुनवाई की गई। इस मौके पर एडीएम अजय कुमार सिंह, डीडीसी गिरिजेश प्रसाद श्रीवास्तव, डीआरडीए डायरेक्टर मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजेश दामियन कुजूर, डीपीओ राजेश कुमार, जनशिकायत पदाधिकारी सोमेन्द्र बख्सी तथा महिला हेल्प लाइन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कब्रिस्तान से अवैध कब्जा हटाए जाने की मांग

जमुई, जागरण प्रतिनिधि : जमुई के अमरथ स्थित कब्रिस्तान को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए गांव के अल्पसंख्यकों ने बेगूसराय के सांसद डॉ. मोनाजिर हसन से गुहार लगाई है। दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने आवेदन देकर उन से इंसाफ दिलाने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि माननीय उच्च न्यायालय के फैसले के बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा किया हुआ है। कब्जा करने वाले दबंग हैं। वे जमीन में एक पोखर की खुदाई भी कर चुके हैं। आवेदन में कहा गया है सांप्रदायिक सौहार्द भंग होने की साजिश रची गई है। जिले के सारे पदाधिकारी को इस बात से अवगत कराया गया परंतु इंसाफ नहीं मिल रहा है। अल्पसंख्यकों ने मामले का निपटारा कर घेराबंदी कराने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने जमुई के जिलाधिकारी को एक पत्र लिखकर आग्रह किया है कि अतिक्रमण को हटवाकर विशेष रुप से निधि उपलब्ध कराते हुए कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई जाए ताकि सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे। दूसरी ओर मुख्यमंत्री सचिवालय के उपसचिव शहनवाज खां ने भी अपने पत्रांक 5700088 दिनांक 24.1.2012 को जिलाधिकारी एवं आरक्षी अधीक्षक से कब्रिस्तान को अवैध कब्जा से मुक्त कर घेराबंदी कराने की बात कही है। साथ ही कार्रवाई से मुख्यमंत्री सचिवालय को अवगत कराने का निर्देश दिया है