गिद्धौर, निज प्रतिनिधि : महाराजा चन्द्रचूड़ विद्यामंदिर गिद्धौर के प्लस टू कक्षा में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति को कम देखकर प्रधानाध्यापक गौरीशंकर मंडल ने अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित रुप से स्कूल भेजने का आग्रह किया। उन्होंने गुरुवार को अभिभावकों को बताया कि जिन छात्रों की उपस्थिति प्लस टू कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत नहीं होगी तो उसे परीक्षा का फार्म नहीं भरने दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि प्लस टू में शिक्षकों की कमी नहीं है। अगर छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहेंगे तो विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण कैसे बन पाएगा। इधर कई अभिभावकों ने प्रधानाचार्य से कहा कि प्लस टू के छात्र-छात्राओं को विज्ञान का प्रैक्टिकल नहीं कराया जाता है। इसपर उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल का सभी सामान विद्यालय में मौजूद है। अगर छात्र-छात्राएं विद्यालय आएंगे तो प्रैक्टिकल की सारी सुविधाएं दी जाएगी।
No comments:
Post a Comment