Friday, 2 March 2012

डीलर के प्राथमिकी से ग्रामीणों में भड़का आक्रोश

झाझा, निज प्रतिनिधि : प्रखंड के केशोपुर पंचायत के दो जन वितरण प्रणाली दुकानदार द्वारा ग्रामीणों पर हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस संदर्भ में सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्तारयुक्त आवेदन जिलाधिकारी, अनुमंडलाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को देकर न्याय की गुहार लगाई है। पंचायत के सरपंच गोरखनाथ सिंह, उपमुखिया देवकी देवी, उपसरपंच प्रमोद पंडित सहित कई ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्थित जन वितरण प्रणाली दुकानदार प्रेम रजक एवं लखन रविदास द्वारा पिछले नवम्बर 2011 का राशन एवं कूपन एक साथ लिया गया लेकिन राशन उक्त दुकानदार द्वारा नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि दुकानदार अपनी मनमानी करते हुए दिसम्बर व जनवरी माह का भी राशन बेच दिया। इस संदर्भ में जब ग्रामीण पूछते हैं तो दुकानदार द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए ग्रामीणों पर हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया जाता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि दोनों दुकानदारों की उच्च स्तरीय जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह ने कहा कि ग्रामीणों के आवेदन की जांच कर कार्रवाई हेतु अनुमंडलाधिकारी के पास भेज दिया गया है।

No comments:

Post a Comment