गर्मी ने अपना रंग क्या दिखाया बाजारों पर व्यापक असर पड़ गया। उन व्यवसायियों की बल्ले-बल्ले हो गई जो एसी, कूलर, फ्रिज या फिर शीतल पेय के व्यवसाय में लगे हैं। एक अनुमान के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष इन आधुनिक उपकरणों की बिक्री दोगुनी हो गई। बीते दो महीने में दो करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ। शहर में बिजली आपूर्ति अगर सही होती तो इसका आंकड़ा और भी आगे निकल जाता। इन उपकरणों का व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों की मानें तो सबसे अधिक कूलर की बिक्री हुई। सेमफोनी कंपनी के कूलर की मांग इतनी अधिक है कि कंपनी सप्लाई नहीं दे पा रहा है। महाराजगंज स्थित विजय एंड कंपनी के मालिक विजय कुमार सर्राफ बताते हैं कि ज्यादा गर्मी पड़ने की वजह से इस वर्ष इंवर्टर, कूलर, फ्रीज एवं एयरकंडिशन की बिक्री दोगुनी हो गई। दाम में कोई खास अंतर नहीं आया है। एक्साइज डयूटी बढ़ने के कारण इन उपकरणों के दामों में पांच प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक 100 से अधिक कूलर, 30 एसी एवं 60 से अधिक फ्रीज की बिक्री कर चुके हैं। बिग शाप के प्रोपराइटर मो. ताज बताते हैं कि बिजली आपूर्ति ठीक नहीं रहने के कारण एसी की बिक्री तो कम है परंतु कूलर, फ्रीज एवं पंखा की रिकार्ड बिक्री हुई है। कुंती ट्रेडर्स के प्रोपराइटर संजय कुमार ने बताया कि कूलर का सप्लाई कंपनी देना बंद कर दिया है। आज एक भी कूलर मेरे पास नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष इन उपकरणों की रिकार्ड बिक्री हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि बिजली कि स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण लोगों में कूलर का क्रेज ज्यादा है। इसके अलावे झाझा, सिकन्दरा, चकाई आदि क्षेत्र में भी कूलर एवं फ्रीज की बिक्री काफी हुई है।
No comments:
Post a Comment