ग्रामीण मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा बरहट प्रखंड अंतर्गत पाड़ो हनुमान चौक स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेन्द्र की स्थापना की गई जिसका शिलान्यास तत्कालीन क्षेत्रीय विधायक अनंत कुमार सत्यार्थी ने वर्ष 2006 में किया था। अमूमन शिलान्यास और निर्माण कार्य प्रारंभ करने के बीच कुछ समय का फासला होता है परंतु इसके विपरीत उक्त केन्द्र का निर्माण शिलान्यास के साथ ही प्रारंभ कर दिया गया। ग्रामीण मरीजों में सरकार की इस कार्य संस्कृति के प्रति सकारात्मक आस जगी। उन्हें लगा कि सरकार का स्वस्थ समाज निर्माण का सपना धरातल पर उतरेगा। परंतु छह वर्ष से अधिक गुजर जाने के बाद भी उक्त स्वास्थ्य उपकेन्द्र को प्रारंभ करना तो दूर अब तक उद्घाटन भी नहीं किया जा सका।
क्या है वर्तमान स्थिति
छह वर्ष से अधिक गुजर जाने के बाद भी उक्त स्वास्थ्य उपकेन्द्र को प्रारंभ करना तो दूर अब तक उद्घाटन भी नहीं किया जा सका। वर्तमान हालत तो यह है कि उद्घाटन के इंतजार में सज-धज कर तैयार उक्त केन्द्र उचित रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुका है और विभाग बेखबर बना है।
कौन होंगे लाभान्वित
बरहट और लक्ष्मीपुर प्रखंड के पाड़ो, लखैय और मटिया पंचायत के लगभग 30 हजार की आबादी उक्त केन्द्र से सीधे रुप से लाभान्वित होंगी जबकि आसपास के अन्य पंचायतों के लोग भी स्वास्थ्य लाभ उठाने में पीछे नहीं रहेंगे। इस प्रकार उक्त केन्द्र के प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे झोला छाप चिकित्सकों से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
क्या कहते हैं सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डा. चंद्रेश्वर चौधरी ने बताया कि जहां तक मुझे मालूम है कि उक्त केन्द्र को अब तक पीडब्लूडी ने स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द नहीं किया है। ऐसे जानकारी मिली है। उक्त केन्द्र को जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment