पंचायत समिति की एक विशेष बैठक कोरम के अभाव में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा स्थगित किए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताया रोष। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि बैठक की सूचना निर्धारित समय पर नहीं दिए जाने के कारण सुदूर क्षेत्रों के कई प्रतिनिधि नहीं आ पाते हैं। मंगलवार को प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देशानुसार प्रखंड मुख्यालय के प्रांगण में वानिकी योजना को लेकर स्थल चयन के लिए पंचायत समिति सदस्यों की एक विशेष बैठक बुलाई गई थी लेकिन कोरम के अभाव में बीडीओ सत्येन्द्र महतो के द्वारा बैठक स्थगित कर दिए जाने के कारण बैठक में भाग ले रहे सभी मुखिया आक्रोशित हो उठे तथा बिना सूचना के प्रखंड प्रमुख, प्रखंड उप प्रमुख एवं कई विभागीय पदाधिकारियों के अनुपस्थित रहने के बारे में प्रखंड विकास पदाधिकारी से पूछने लगे। इस बाबत प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष पवन कुमार यादव ने बताया कि इस विशेष बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन का फैसला लेना था लेकिन सूचना के अभाव में कई पंचायत प्रतिनिधि नहीं आ सके जिसके कारण बैठक स्थगित हो गया। वहीं प्रखंड प्रमुख रंजन तिवारी ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी अपनी मर्जी से सब कुछ करते हैं। उन्होंने बताया कि बिना मुझसे सहमति लिए ही समिति की बैठक बुलाई है। इधर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येन्द्र महतो ने बताया कि कोरम के अभाव में बैठक स्थगित की गई है। पंचायत समिति की विशेष बैठक में प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष पवन कुमार यादव, मुखिया विलायती सिंह, मुखिया नारायण यादव, मुखिया ललन सिंह, मुखिया बुलबुल देवी, मुखिया निर्मला देवी, मुखिया सुनंदा देवी, मुखिया अशोक रविदास गिद्धौर के अलावे वन विभाग के नवल किशोर सिंह, डा. विजियेन्द्र सत्यार्थी, अंचलाधिकारी ठुईयां उरांव, पंचायत समिति सदस्य कला देवी भी उपस्थित थीं।
No comments:
Post a Comment