जमुई, जागरण प्रतिनिधि : शुक्रवार को खैरा के खलारी गांव में भाकपा माले द्वारा रुपन तूरी की हत्या को लेकर संकल्प सभा का आयोजन किया गया। बीते पांच जनवरी को रुपन तूरी को अगवा कर उसकी हत्या अपराधियों ने की थी। संकल्प सभा को संबोधित करते हुए का. शिवसागर शर्मा ने कहा कि खिलारी के आसपास के गांवों में 1996 से भूमि संघर्ष चल रहा है। इस इलाके में सैकड़ों एकड़ बेमानी गैर मजरुआ जमीन पर भू-स्वामियों के अवैध कब्जे के खिलाफ माले संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा कि अवैध ढंग से भूमि हड़पने वाले जमींदारों ने ही रुपन तूरी की हत्या करवाया है। श्री शर्मा ने पुलिस कार्रवाई को सामंतों के पक्षधर एवं हत्यारों को बचाने की कार्रवाई बताया। वरिष्ठ अधिवक्ता का. दया सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ उत्पीड़न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सुशासन और विकास का माडल पुलिस ही पूरा कर रही है। जिला सचिव का. शंभूशरण सिंह ने कहा कि हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आन्दोलन और तेज किया जाएगा। कमेटी के सदस्य मनोज पांडेय, कल्लू मरांडी एवं जयराम तूरी ने भी अपनी बातें रखी। सभा में मृतक स्व. तूरी को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बासुदेव राय ने की।
No comments:
Post a Comment