Friday, 20 January 2012

धान बना पैक्स अध्यक्षों के लिए सिर दर्द

झाझा, निज प्रतिनिधि : स्थानीय टाउन हाल में राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए धान क्रय केन्द्र पर कोई व्यवस्था नहीं रहने से प्रखंड के पैक्स अध्यक्ष काफी परेशान हैं। सैकड़ों क्विंटल धान पैक्स अध्यक्षों के लिए सिर दर्द बना हुआ है। शुक्रवार को प्रखंड के अध्यक्षों ने धान क्रय केन्द्र के कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।
पैक्स अध्यक्षों को ही करना पड़ता है काम
झाझा धान क्रय केन्द्र पर प्रशासन द्वारा मात्र तीन मजदूर, एक नाप-तौल कर्मचारी एवं एक एसएफसी कर्मचारी की नियुक्ति है जिसके कारण क्रय केन्द्र पर काफी परेशानियों का सामना पड़ रहा है। केन्द्र पर सुविधा उपलब्ध नहीं है। सभी कार्य फैक्स अध्यक्षों को ही करना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं पैक्स अध्यक्ष
प्रखंड के कनौदी पैक्स अध्यक्ष श्रीकांत यादव, चांय के विन्देश्वरी साव, धमना के विश्वनाथ आचार्य, हथिया के शंकर यादव, बाराकोला के जरिया देवी, करहरा के राजेश कुमार यादव, पैरगाहा के धर्मदेव यादव, करमा के बच्चू यादव आदि पैक्स अध्यक्षों ने एक स्वर में कहा कि सरकार के निर्देश पर धान की खरीदी की गई लेकिन अध्यक्षों को क्रय केन्द्र काफी परेशानी हो रही है क्योंकि कई पैक्स द्वारा सैकड़ों क्विंटल धान की खरीद की गई है लेकिन क्रय केन्द्र पर प्रत्येक पैक्स का मात्र 40 क्विंटल धान ही लिया जाता है। जिसके कारण केन्द्र से धान को वापस पैक्स सेंटर पर ले जाना पड़ रहा है। वहीं हमलोग क्रय केन्द्र पर मजदूर उपलब्ध कराते हैं तब जाकर धान को लिया जाता है।
क्या कहते हैं पदाधिकारी
धान क्रय केन्द्र के प्रभारी सह अंचलाधिकारी अवधेश कुमार नेपाली ने कहा कि एक दिन में दोनों पैक्स मिलाकर एक सौ क्विंटल धान ही लेना है। जिस पैक्स केन्द्र पर च्यादा धान जमा है उसकी व्यवस्था की जा रही है।
बाक्स
दोनो पैक्स में सैकड़ों क्विंटल धान हैं जमा
झाझा: राज्य सरकार के निर्देश पर किसानों का धान खरीदने की जिम्मेवारी पैक्स को तो दी लेकिन पैक्स के पास जमा धान क्या होगा उसकी जिम्मेवारी पदाधिकारी द्वारा नहीं ली जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा प्रखंड में एक क्रय केन्द्र खोलकर सिर्फ खानापूर्ति की गई है। वहीं प्रखंड के कनौदी पैक्स में छह सौ क्विंटल, धमना में दो सौ, बाराकोला में चालीस, चायं में एक सौ, पैरगाहा में एक सौ, करमा में एक सौ, महापुर में एक सौ क्विंटल धान जमा है जो धान क्रय केन्द्र नहीं ले पा रही है।

No comments:

Post a Comment