Friday, 20 January 2012

डीएम के निरीक्षण से हड़कंप

लक्ष्मीपुर, निज प्रतिनिधि : शुक्रवार को दिन के एक बजे लक्ष्मीपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कार्यरत पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। जब डीएम मयंक वरबड़े औचक निरीक्षण में पहुंच गए। सबकी जुबान पर एक ही शब्द था सावधान! डीएम साहब आ गए हैं। डीएम श्री वरबड़े ने प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम आरटीएस काउंटर पहुंचे और वहां के कार्यो की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय के कई कमरों के फर्नीचर और बिजली की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर उपस्थित बीडीओ रामदास को वैसे कार्यालयों में बिजली की व्यवस्था हेतु निर्देश दिया। अपने निरीक्षण के क्रम में डीएम मुख्यालय स्थित किसान भवन पहुंचे जहां प्रखंड के विभिन्न पैक्सों से आए धान का क्रय किया जा रहा था। उन्होंने मौके पर उपस्थित नावाबांध पैक्स अध्यक्ष राजकुमार यादव से पूछा क्या आपको भुगतान किया गया। इस प्रश्न पर पैक्स अध्यक्ष ने ना कह दिया। डीएम ने आश्वासन दिया कि आपको भी धान का भुगतान जल्द कर दिया जाएगा। डीएम के निरीक्षण के अवसर पर अंचलाधिकारी तारानंद झा, प्रखंड प्रमुख नागेश्वर यादव आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment