Thursday, 19 January 2012

एक अदद अन्ना की है जरूरत

लक्ष्मीपुर, निज प्रतिनिधि : लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय बंगरडीह के छात्र-छात्राओं सहित विद्यालय प्रशासन ने एक स्वर में कहा है कि हमें एक अन्ना चाहिए। ताकि विद्यालय में प्लस टू हेतु बन रहे नए भवन में अनियमितता और लापरवाही के विरुद्ध आवाज उठाई जा सके।
क्या है मामला
वित्तीय वर्ष 2007-08 में सभी माध्यमिक विद्यालयों के उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय के रुप में उत्क्रमण के क्रम में नए भवन निर्माण तथा पुराने भवन के सुदृढ़ीकरण के लिए पत्रांक 552/08 के तहत राशि उपलब्ध कराई गई थी। उक्त पत्रांक के आलोक में लघु सिंचाई प्रमंडल झाझा कार्यालय के द्वारा निविदा आमंत्रण हेतु सूचना 5/2009-10 निकाली गई थी।
क्या है योजना का प्रारुप
निविदा के अनुसार 25 फीट&20 फीट के छह कमरों का भवन का निर्माण 24, लाख 75 हजार की राशि से तथा एक लाख 25 हजार की राशि से पुराने भवन की मरम्मत करनी थी। इस समस्त कार्य की अधिकतम अवधि छह माह निर्धारित की गई थी।
योजना के विरुद्ध हुआ कार्य
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सच्चिदानंद साह, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य सुबल प्रसाद सहित कई छात्रों ने कहा कि 18 माह से अधिक गुजर गए परंतु भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका। जबकि उक्त सभी कार्य के लिए 26 लाख रुपए की राशि कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग को चेक के माध्यम से सौंप दिया गया। इसके अतिरिक्त बनाए गए भवन में लगाए गए लोहे का ग्रिल और लकड़ी की गुणवत्ता पर भी लोगों ने सवाल खड़ा किया है।
क्या हो रही परेशानी
विद्यालय प्रशासन ने कहा जुलाई 2011 से प्लस टू की पढ़ाई जारी है और भवन के अभाव में छात्रों को बिठाने में काफी परेशानी होती है। साथ ही कहा कि प्लस टू के लिए 13 लाख 50 हजार की राशि से खरीदे गए पुस्तक, प्रयोगशाला उपकरण, उपस्कर, क्रीड़ा सामग्री आदि रखने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत कई बार संबंधित संवेदक के साथ-साथ वरीय अधिकारी तक की गई परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्या कहते हैं कार्यपालक अभियंता
कार्यपालक अभियंता केके सिंह ने बताया कि संवेदक को ग्रिल और लकड़ी बदलने के लिए कहा गया है और प्रावधान के अनुसार काम नहीं करने पर निबंधन के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment